Delhi Unlock 1 Guidelines: दिल्ली की सभी सीमाएं सील, जानें- किसे मिली इजाजत, किस पर लगी रोक
Delhi Unlock 1 Guidelines कोरोना वायरस से जुड़ी सेवाओं में सीधे तौर पर कार्यरत उन कर्मियों को आवागमन की छूट है जिनके पास दिल्ली सरकार के सक्षम अधिकारी की ओर से जारी पास है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Delhi Unlock 1 Guidelines: दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सीमाओं को एक सप्ताह के लिए सील कर दिया है। दूसरे राज्यों से अब दिल्ली में सभी का आवागमन नहीं हो सकेगा। इसका असर भी मंगलवार सुबह दिखाई दे रहा है। दिल्ली से सटे यूपी और हरियाणा के बॉर्डर पर लंबा जाम लग गया है, क्योंकि तीनों प्रदेशों की पुलिस चेकिंग के बाद ही लोगों को आवागमन की इजाजत दे रही है। आइये जानते हैं दिल्ली से सटे यूपी और हरियाणा के बॉर्डर सील होने के बाद किसी है आवागमन की इजाजत और किसे नहीं?
इन्हें मिली इजाजत
- बॉर्डर सील रहने के दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।
- सरकारी कार्यालय के कर्मचारी आई कार्ड दिखा कर सीमा पार कर सकेंगे।
- इसी के साथ अन्य लोग भी पास से आ-जा सकेंगे।
- बिना रोक टोक पुलिसकर्मी आ-जा सकेंगे।
- मालवाहक वाहनों को आवागमन की इजाजत है।
- मीडिया कर्मी अपने आइ-कार्ड दिखाकर दिल्ली, यूपी और हरियाणा के बीच आवागमन कर सकते हैं।आपात सेवाएं देने वाले चिकित्सकों को भी मिलेगी आने-जाने की छूट
-
एंबुलेंस को भी आवागमन को छूट होगी।
-
कोरोना वायरस से जुड़ी सेवाओं में सीधे तौर पर कार्यरत उन कर्मचारियों को आवागमन की छूट दी गई है, जिनके पास दिल्ली सरकार के सक्षम अधिकारी की ओर से जारी पास है।
-
भारत सरकार के उप सचिव और इससे वरिष्ठ रैंक के वह अधिकारी भी आवागमन कर सकेंगे, जिनके पास गृह मंत्रालय की ओर से जारी पहचान पत्र है।
इन्हें नहीं मिली इजाजत
- दिल्ली में गैर जरूरी सेवाओं के लिए आने वालों पर रोक रहेगी।
- घूमने-फिरने के लिहाज से दिल्ली आने वालों पर प्रतिबंध रहेगा।
दिल्ली में आने के लिए करनी पड़ रही है जद्दोजहद
दिल्ली में हरियाणा और उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले सरकारी कर्मचारियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर जाम और दूसरी ओर पुलिस की फटकार भी कर्मचारियों को झेलनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा सख्ती हरियाणा की सीमा पर हो रही है। दिल्ली के सरकारी विभागों में आने वाले ठेके के कर्मचारियों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। सरकारी विभाग का आइ कार्ड नहीं होने की वजह से उन्हें प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। हालांकि, परेशानी सरकारी कर्मचारियों को भी हो रही है।