दिल्ली में फिर से सार्वजनिक परिवहन सेवाएं शुरू करने की तैयारी, केद्र के 'OK' का इंतजार
Lockdown4 दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को फिर से शुरू करने के लिए केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
नई दिल्ली, एएनआइ। दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं शुरू करने के लिए केजरीवाल सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने बुधवार को कहा कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन के लिए एक प्रोटोकॉल विकसित करने के लिए दिल्ली परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को फिर से शुरू करने के लिए केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
उधर, दिल्ली हाई कोर्ट ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी जिलों में सार्वजनिक परिवहन के संचालन की अनुमति के लिए एक याचिका पर केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है।
लॉकडाउन-4 की रियायतों पर निर्भर होगा दिल्ली मेट्रो का परिचालन
वहीं, लॉकडाउन में लंबे समय से बंद पड़ी मेट्रो दोबारा रफ्तार भरने के लिए तैयार है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अधिकारियों को सरकार से निर्देश का इंतजार है। लॉकडाउन-4 की रूपरेखा और उसमें मिलने वाली रियायतों की घोषणा पर ही निर्भर करेगा कि मेट्रो का परिचालन कब शुरू होगा। सुबह-शाम सामान्य और दोपहर में कम फ्रीक्वेंसी के साथ मेट्रो का परिचालन शुरू किया जा सकता है।
बता दें कि दिल्ली में एक महीने से अधिक समय से सार्वजनकि परिवहन सेवाएं बंद हैं। कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सरकार ने मेट्रो, बस, ऑटो और टैक्सी सेवाएं बंद कर रखी हैं। सिर्फ कर्फ्यू पास वाले वाहनों की चलने की इजाजत है। निजी वाहन से बाहर निकलने पर भी पाबंदी है।
जनता तय करेगी लॉकडाउन में 17 के बाद कितनी छूट मिले: केजरीवाल
17 मई के बाद दिल्ली में लॉकडाउन कितना खुले यह जनता तय करेगी। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने लॉकडाउन में ढील देने के मुद्दे पर दिल्ली की जनता से सुझाव मांगे हैं। मंगलवार को डिजिटल प्रेस कांफ्रेंस कर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 17 मई के बाद लॉकडाउन में ढिलाई देने को लेकर मुख्यमंत्रियों से 15 मई तक सुझाव मांगा है। दिल्ली के लोग किन-किन क्षेत्रों में कितनी ढिलाई चाहते हैं? इस पर वे 13 मई की शाम 5 बजे तक अपने सुझाव दे सकते हैं।
क्या मेट्रो-बसें चलनी चाहिए और मार्केट, औद्योगिक क्षेत्र खुलना चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि जाहिर सी बात है कि कोरोना फैला हुआ है और लॉकडाउन को पूरी तरह से खत्म नहीं किया जा सकता है। क्या बसें और मेट्रो चालू होनी चाहिए? क्या ऑटो व टैक्सी चालू होने चाहिए? क्या स्कूल और मार्केट खुलने चाहिए? औद्योगिक क्षेत्र खुलना चाहिए।