Delhi Traffic Police Advisory: सोनिया गांधी से आज भी होगी पूछताछ, दिल्ली की कई सड़कों पर किया गया रूट डायवर्जन
Delhi Traffic Police Advisory नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ के चलते बुधवार को भी लुटियंस दिल्ली इलाके समेत कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यह दिक्कत दोपहर 2 बजे तक बनी रह सकती है।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से बुधवार भी प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ जारी रहेगी। ऐसे में बुधवार को भी शहर में कुछ स्थानों पर दिल्ली यातायात पुलिस ने कुछ स्थानों पर रूट डायवर्जन किया है। इसके तहत लुटियंस दिल्ली के कुछ मार्गों पर भी यातायात प्रतिबंधित रह सकता है।
इस बाबत नई दिल्ली रेंज के यातायात पुलिस उपायुक्त आलाप पटेल ने बताया कि बुधवार को भी ईडी की पूछताछ के कारण लुटियंस दिल्ली इलाके के मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में लोगों को चाहिए कि इन मार्गों को इस्तेमाल करने से परहेज करें।
वाहन चालकों को असुविधा न हो, इसके लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर इन रास्तों का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी है। वाहन चालकों को सुबह 10 बजे से लेकर दो बजे तक इन रास्तों से न गुजरने के लिए कहा गया है। इसी तरह का ट्वीट मंगलवार को भी दिल्ली पुलिस की ओर से किया गया था।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मंगलवार को ईडी द्वारा की गई पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के एलान के कारण यातायात पुलिस ने लुटियंस दिल्ली इलाके के कुछ मार्गो पर यातायात को प्रतिबंधित कर दिया था।
मंगलवार को इसके कारण इन मार्गों के आसपास से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी रही, जिन रास्तों पर यातायात को प्रतिबंधित किया गया था उनमें गोल डाकखाना, मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ मार्ग, मान सिंह रोड, गोल डाकखाना चौराहा, तुगलक रोड चौराहा, क्लेरिजेज होटल चौराहा, क्यू प्वाइंट चौराहा, सुनहरी मस्जिद चौराहा और मौलाना आजाद रोड चौराहा शामिल रहे। यहां बुधवार को भी परेशानी रहने के आसार हैं।
इसके साथ ही इन मार्गों के यातायात को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट किया गया। कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के कारण जाम तो नहीं लगा, लेकिन वाहनों की गति धीमी जरूर रही। बुधवार को भी ऐसी ही स्थिति बने रहने के आसार हैं।