Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Weather: चार घंटे तक कोहरे के आगोश में रही दिल्ली, अगले दो दिनों तक हल्की बारिश के आसार; यलो अलर्ट जारी

    Updated: Fri, 10 Jan 2025 10:17 PM (IST)

    दिल्ली में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा जिससे हवाई रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह साढ़े चार बजे से साढ़े आठ बजे तक आइजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता का स्तर शून्य दर्ज किया गया। सफदरजंग पर दृश्यता का न्यूनतम स्तर 50 मीटर तक रहा। 33 से अधिक ट्रेनें दिल्ली से देरी से चलीं जबकि 100 से अधिक ट्रेनें विलंब से दिल्ली पहुंचीं।

    Hero Image
    करीब चार घंटे तक कोहरे के आगोश में रही दिल्ली।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसमी उतार चढ़ाव के दौरान शुक्रवार को राजधानी चार घंटे तक कोहरे के आगोश में लिपटी। सुबह साढ़े चार बजे से साढ़े आठ बजे तक आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता का स्तर शून्य दर्ज किया गया। सफदरजंग पर दृश्यता का न्यूनतम स्तर 50 मीटर तक रहा। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात भी व्यापक स्तर पर प्रभावित हुआ। 33 से अधिक ट्रेनें दिल्ली से देरी से चलीं जबकि 100 से अधिक ट्रेनें विलंब से दिल्ली पहुंचीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शुक्रवार को दिन में गुनगुनी धूप खिली, लेकिन ठिठुरन भरी ठंड भी बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 100 से 74 प्रतिशत रहा।

    आंशिक रूप से बादल छाने के आसार

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार और रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की वर्षा भी होने का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड में इजाफा होगा। शनिवार सुबह ज्यादातर स्मॉग एवं मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा भी हो सकता है। शाम और रात के समय भी यही स्थिति रहेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 15 और आठ डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है।

    दिल्ली के 17 इलाकों का एक्यूआई रहा 'गंभीर'

    मौसम के अलग-अलग कारकों के चलते दिल्ली की हवा में घुला प्रदूषण का जहर और बढ़ गया है। शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 397 रिकार्ड किया गया। इस स्तर की हवा को 'बहुत खराब' श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को 357 रहा था। चिंता की बात यह कि शाम चार बजे दिल्ली के 17 इलाकों का एक्यूआई 'गंभीर' श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया।

    दिल्ली का औसत एक्यूआई 414 तक पहुंचा

    शुक्रवार की सुबह नौ बजे के लगभग दिल्ली का औसत एक्यूआई 414 तक पहुंच गया था। हालांकि, बाद में हवा की गति थोड़ी तेज हुई और दिन के समय धूप निकली तो इसमें हल्का सुधार हुआ। 'गंभीर' श्रेणी के एक्यूआई वाले इलाकों में मुंडका, जहांगीरपुरी, विवेक विहार, रोहिणी और वजीरपुर जैसे घने बसे हुए रिहायशी इलाके शामिल हैं। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के मुताबिक, शनिवार को हवा की रफ्तार छह से 14 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। इससे एक्यूआई में हल्का सुधार हो सकता है।

    यह भी पढ़ें- त्रिकोणीय मुकाबले में इस बार कांग्रेस मजबूत, राहुल गांधी और खरगे समेत ये 30 नेता संभाल रहे दिल्ली की कमान