यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Crime News: डिपो में चालक ने बस पीछे करते समय सुपरवाइजर को रौंदा, मौत
सीमापुरी बस डिपो में कलस्टर बस को पीछे करते वक्त चालक ने एक सुपरवाइजर को रौंद दिया। सुपरवाइजर के सिर ...और पढ़ें

नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। सीमापुरी बस डिपो में कलस्टर बस को पीछे करते वक्त चालक ने एक सुपरवाइजर को रौंद दिया। सुपरवाइजर के सिर पर बस का पहिया चढ़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त आरोपित चालक फोन पर बात करते हुए बस को पीछे कर रहा था, हादसे के बाद आरोपित फरार हो गया। मृतक की पहचान ओमवीर के रूप में हुई है। आरोप है स्वजन जब मौके पर पहुंचे तो ओमवीर का शव बस के पास ही पड़ा हुआ था। डिपों के प्रबंधन ने स्वजन के पहुंचने पर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित चालक सुभाष को दबोच लिया है।
पुलिस के अनुसार ओमवीर अपने परिवार के साथ जवाहर नगर, गाजियाबाद में रहते थे। परिवार में पत्नी संजो, दो बेटियां व एक बेटा है। ओमवर सीमापुरी बस डिपों में सफाई कर्मचारियों के सुपरवाइजर थे। मृतक के बड़े भाई राजवीर ने बताया कि ओमवीर मंगलवार रात को ड्यूटी पर गए थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे परिवार को ओमवीर की मौत की सूचना मिली, कुछ ही देर में ही परिवार के सदस्य बस डिपो पहुंचे तब तक शव बस के पास ही पड़ा हुआ था।
किसी ने ओमवीर को अस्पताल में भर्ती नहीं करवाया। स्वजन के पहुंचने पर डिपों के प्रबंधन ने फोन कर पुलिस को बुलाया, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को जांच में पता चला बुधवार सुबह बसे डिपो से बाहर निकल रही थी, सुभाष फोन पर बात करते हुए अपनी बस को डिपो से बाहर निकाल रहा था। हादसे के वक्त ओमवीर डिपो में साफ सफाई करवा रहे थे। सुभाष ने जैसे ही बस को पीछे किया ओमवीर बस की चपेट में आ गए और नीचे गिर गए। चालक ने बस का पहिया ओमवीर पर चढ़ा दिया। इस हादसे से परिवार में रोष है।
