Move to Jagran APP

Delhi: जल्द शुरू होगा सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम, बदरपुर और फरीदाबाद आने-जाने वालों की बढ़ेगी परेशानी

Delhi Traffic Advisory सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम 15 जून से शुरू हो जाएगा। इससे बदरपुर व फरीदाबाद आने-जाने वाले लोगों को दो महीने तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यातायात पुलिस ने लोगों को असुविधा से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके तहत काम के दौरान रोड को पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा।

By shani sharma Edited By: Abhishek Tiwari Mon, 10 Jun 2024 08:28 AM (IST)
Delhi: जल्द शुरू होगा सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम, बदरपुर और फरीदाबाद आने-जाने वालों की बढ़ेगी परेशानी
Delhi: जल्द शुरू होगा सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम 15 जून से शुरू हो जाएगा। इसको लेकर यातायात पुलिस ने पीडब्ल्यूडी को एनओसी जारी कर दी है। यहां काम शुरू होने से बदरपुर व फरीदाबाद आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ेगी।

इसके अलावा कई अन्य मार्गों पर भी यातायात बाधित होगा। हालांकि इस रास्ते को पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा। यहां से गुजरने वाले लोगों को ज्यादा दिक्कत न हो इसके लिए यातायात पुलिस को 24 घंटे शिफ्ट के हिसाब से तैनात किया जाएगा।

एक फेज में 15 दिन होंगे

यातायात पुलिस के अनुसार मरम्मत का काम दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह काम चार फेज में होगा। एक फेज में 15 दिन होंगे। इसके तहत सबसे पहले 30 दिनों तक आश्रम से बदरपुर जाने वाले फ्लाईओवर की मरम्मत का काम किया जाएगा।

इसके बाद तीसरे और चौथे फेज का काम बदरपुर से आश्रम की तरफ आने वाले फ्लाईओवर पर किया जाएगा। बता दें कि लोकसभा चुनाव के चलते मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका था।

इन वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें: यातायात पुलिस

  • यातायात पुलिस ने लोगों को असुविधा से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके तहत काम के दौरान रोड को पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा।
  • पुलिस के अनुसार बदरपुर की तरफ जाने वाले लोगों को सरिता विहार से स्लिप रोड से होते हुए रोड संख्या 13ए से जाना होगा। यहां से वह यू टर्न लेकर मथुरा रोड के रास्ते जा सकेंगे।
  • इसके अलावा जिन लोगों को नोएडा जाना है, वह विकल्प के तौर पर डीएनडी के रास्ते का प्रयोग कर सकते हैं। इसी तरह बदरपुर से आश्रम आने वाले लोगों को सरिता विहार स्लिप रोड से ओखला एस्टेट मार्ग, क्राउन प्लाजा मार्ग से होते हुए जाना होगा। वह बदरपुर से महरौली-बदरपुर रोड का इस्तेमाल कर आश्रम जा सकेंगे।

वहीं, सरिता विहार अंडरपास में भी मरम्मत का काम चल रहा है। इसके तहत लाइटें बदली जा रही है। इसका काम लगभग पूरा हो चुका है। क्राउन प्लाजा से कालिंदी कुंज मार्ग पर अंडरपास के नीचे टूटी हुई सड़कों को बनाने काम भी शुरू किया जाएगा।