विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 23, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Rain: दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 7 साल का रिकॉर्ड, 10 वर्षों में सबसे ठंडा बुधवार

By Mangal YadavEdited By:
Published: Thu, 23 Jul 2020 06:00 AM (IST)

Delhi Weather Updates बृहस्पतिवार से हवा की दिशा भी पश्चिमी हो जाएगी। इससे अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Delhi Rain: दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 7 साल का रिकॉर्ड, 10 वर्षों में सबसे ठंडा बुधवार
Delhi Rain: दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 7 साल का रिकॉर्ड, 10 वर्षों में सबसे ठंडा बुधवार

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मानसून की भारी बारिश के लिए तरस रहे दिल्लीवासियों का इंतजार बुधवार को पूरा हो गया। 24 घंटे की बारिश ने जहां सात सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया, वहीं तापमान में भी सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी के चलते बुधवार (22 जुलाई) का दिन पिछले 10 सालों में सबसे ठंडा रहा। गर्मी से राहत का यह दौर अभी जारी रहने के आसार हैं, लेकिन बृहस्पतिवार से तीन दिन के लिए मानसून ब्रेक लेगा।

बुधवार को बारिश का दौर अल सुबह ही शुरू हो गया था। उसके बाद 10 बजे के लगभग और फिर दोपहर को भी बादल खूब जमकर बरसे। कुछ जगहों पर शाम को भी बारिश हुई। खास बात यह कि दिल्ली में करीब-करीब सभी जगह अच्छी बारिश हुई। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। 2011 के बाद अभी तक 22 जुलाई का यह सबसे कम तापमान है।

2011 में यह क्रमश: 35 और 28 डिग्री सेल्सियस रहा था। हवा में नमी का स्तर 87 से 100 फीसद दर्ज हुआ।पालम में हुई 116.5 मिमी बारिश शाम साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग पर 97.8 मिमी, पालम में 116.5 मिमी, लोधी रोड पर 105 मिमी, रिज क्षेत्र में 41.3 मिमी और आया नगर में 60.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 2013 के बाद 24 घंटे में हुई यह अभी तक की सर्वाधिक बारिश है। 2013 में 21 जुलाई को 123.4 मिमी बारिश हुई थी।

अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली के आसपास चल रहा मानसून ट्रफ अब हिमालय के तराई वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार से हवा की दिशा भी पश्चिमी हो जाएगी। इससे अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उमस और तापमान दोनों में इजाफा होगा। हालांकि गर्मी से कुछ राहत बनी रह सकती है। 26 जुलाई से बारिश का दौर दोबारा शुरू होने के आसार हैं।