Delhi Prashant Vihar blast: प्रशांत विहार थाने में दर्ज हुआ मामला, धमाके के पीछे का सच जानने में जुटे अफसर
दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में गुरुवार सुबह हुए धमाके के मामले में पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ खतरनाक हथियार व साधनों से गंभीर चोट पहुंचाने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति क्षतिनिवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के प्रशांत विहार क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह हुए धमाके मामले में प्रशांत विहार थाना पुलिस ने कई संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
अज्ञात लोगों के खिलाफ खतरनाक हथियार व साधनों से गंभीर चोट पहुंचाने, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति क्षतिनिवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को कब्जे में लेकर आरोपितों की शिनाख्त में जुटी हुई है।
वहीं, सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध को दिखे जाने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन अभी पुलिस के आलाधिकारी ने इसकी अधिकारिक पुष्टी नहीं की है।
ब्लास्ट को लेकर केजरीवाल ने भाजपा पर बोला हमला
प्रशांत विहार में बृहस्पतिवार को हुए बम ब्लास्ट पर आम आदमी पार्टी ने बृहस्पतिवार को भाजपा शासित केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। ''आप'' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली में मर्डर, रंगदारी, लूट और लगातार बढ़ते क्राइम से जनता पहले से ही डर के साए में है।
केजरीवाल ने कहा बृहस्पतिवार को हुए बम धमाके ने दिल्ली में चरमराए कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सांसद संजय सिंह के साथ पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की बहुत ज्यादा बुरी हालत होती जा रही है। खासकर पिछले एक-डेढ़ साल से दिल्ली में अपराध बढ़ते जा रहे हैं। व्यापारियों को वसूली के कॉल आ रहे हैं, चारों तरफ महिलाओं के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म और मर्डर के मामले बढ़ते जा रहे हैं।
कहा कि कई सालों के बाद दिल्ली में गैंगवार देखने को मिल रहे हैं, इस किस्म के गैंगवार एक समय में 90 के दशक में मुंबई में देखने को मिलते थे, जब वहां अंडरवर्ल्ड का बोलबाला था। आज उसी तरह से गैंगवार और शूटआउट देखने को मिल रहे हैं।
दिल्ली में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो रही
वहीं, दिल्ली में बम ब्लास्ट की घटना पर सीएम आतिशी ने कहा कि प्रशांत विहार में आज जहां यह बम ब्लास्ट हुआ है, वहां से दो गली दूर 38 दिन पहले सीआरपीएफ स्कूल के बगल में ऐसा ही एक ब्लास्ट हुआ था। दिल्ली शहर में पिछले एक-डेढ़ महीने में यह दूसरी ब्लास्ट की घटना है।
दिल्ली में लगातार वसूली, गोली चलने और हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। अभी सोमवार को पंचशील पार्क इलाके में एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। कुछ दिन पहले मैं खुद सुंदर नगरी के इलाके में गई थी, जहां एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें- UP News: राज कुंद्रा पर दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कानपुर में ईडी की छापेमारी, जांच में जुटी टीम
बताया गया कि राजौरी गार्डन में बर्गर किंग के अंदर गोलियां चलीं। नांगलोई के एक शोरूम के अंदर गोलियां चलीं। दिल्ली में जिस तरह से कानून व्यवस्था ध्वस्त हो रही हैं, इसके लिए भाजपा की केंद्र सरकार हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।