विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Operation Kavach 9 : दिल्ली पुलिस की 15 जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 92 ड्रग्स तस्कर समेत सैकड़ों गिरफ्तार

Published: Mon, 11 Aug 2025 06:16 PM (IST)

स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन कवच-9.0 चलाकर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई की। 360 टीमों ने 794 स्थानों पर ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस की 15 जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 92 ड्रग्स तस्कर समेत सैकड़ों गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की 15 जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 92 ड्रग्स तस्कर समेत सैकड़ों गिरफ्तार

HighLights

  1. 794 स्थानों पर दिल्ली पुलिस की छापेमारी |
  2. ड्रग्स तस्करों से हेरोइन, गांजा, चरस बरामद |
  3. अवैध शराब और हथियारों के साथ अपराधी गिरफ्तार |

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए ‘आपरेशन कवच-9.0’ के तहत 15 जिलों में 794 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। अपराध शाखा और स्पेशल सहित 360 पुलिस टीमों ने नौ अगस्त शाम पांच बजे से दस अगस्त शाम पांच बजे तक समन्वित कार्रवाई अंजाम दी। अभियान का नेतृत्व पुलिस आयुक्त एसबीके सिंह ने किया। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) सुरेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) मंगेश कश्यप और उपायुक्त (एएनटीएफ) संजीव कुमार यादव ने अभियान का समन्वय किया।

एक नजर आंकड़ों पर

संयुक्त अभियान में 87 मामलों में 92 ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार हुए, जिनके कब्जे से 307 ग्राम हेरोइन, 33.165 किलोग्राम गांजा, 67 ग्राम हाइब्रिड गांजा, 610 ग्राम चरस, 22.25 ग्राम एमडीएमए, 2.26 ग्राम एलएसडी और 12.17 लाख नकद बरामद हुआ।

इस वर्ष 31 जुलाई तक दिल्ली पुलिस 1,425 मामलों में 1,784 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनके कब्जे से 45 किलो हेरोइन, 3,770 किलो गांजा, 250 किलो अफीम आदि बरामद हुई थी।

वहीं, दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 275 मामले दर्ज कर 279 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 73 बीयर की बोतलें और 50,060 क्वार्टर अवैध शराब जब्त हुई।

आर्म्स एक्ट के 61 मामलों में 65 आरोपित गिरफ्तार हुए, जिनसे चार पिस्टल, नौ कट्टे, नौ कारतूस और 41 चाकू बरामद हुए।

जुआ, वाहन चोरी और निवारक कार्रवाई

जुआ अधिनियम के 48 मामलों में 83 लोग गिरफ्तार हुए और 1,19,840 नकद बरामद हुए। दस घोषित अपराधी व नौ वाहन चोर पकड़े गए, जिनसे छह स्कूटी और आठ मोटरसाइकिल बरामद हुईं। धारा 66 डीपी अधिनियम के तहत 1,685 वाहन जब्त किए गए।

निवारक कार्रवाई में बीएनएसएस के तहत 75 व्यक्ति गिरफ्तार और 1,858 लोग हिरासत में लिए गए, जबकि दहेज उत्पीड़न के तहत 12,834 लोग पकड़े गए। वहीं कोटपा अधिनियम के 2,968 उल्लंघनकर्ताओं पर मुकदमा चला और एक पान की दुकान से 17 ई-सिगरेट जब्त की गईं।

इन प्रमुख आरोपित भेजे गए सलाखों के पीछे

  • नंद नगरी के सुरेंद्र पांडे उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर 301 ग्राम हेरोइन बरामद।
  • बरेली के आरिफ और संगम विहार के शिवम गुप्ता को गिरफ्तार कर छह किलो गांजा, 106 ग्राम चरस और 12,09,500 नकद बरामद।
  • पटपड़गंज के चांद बाबू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 311 ग्राम गांजा व 8,819 नकद बरामद।
  • न्यू रोहतक रोड स्थित पान की दुकान से 17 ई-सिगरेट बरामद, मालिक होरी लाल सहित कर्मचारी पकड़े गए।
  • मदनगीर के खुशाल से 4.890 किलो गांजा जब्त।
  • मालवीय नगर में 500 ग्राम चरस के साथ कुख्यात पेडलर पकड़ा गया।
  • तालकटोरा स्टेडियम के पास दुर्घटनाग्रस्त थार से 0.30 ग्राम कोकीन, 2.6 ग्राम एलएसडी, 23.47 ग्राम एमडी, 21.26 ग्राम गांजा, 15.49 ग्राम तंबाकू, 4.17 ग्राम चरस बरामद, चालक आशीष गिरफ्तार।

यह भी पढ़ें-  दिल्ली में रक्षाबंधन पर भाई बना खूंखार, बहन के प्रेमी को मुंह में मारी गोली; उतारा मौत के घाट