Delhi: Press लिखी SUV में बैठकर जा रहे थे डकैती करने; अंजाम देने से पहले ही दो नाबालिगों सहित 4 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने दो नाबालिगों सहित चार लोगों को पकड़कर लूट के प्रयास को असफल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बिना लाइसेंस वाली बंदूक और दो कारतूस बरामद किए हैं। सभी को मंगोलपुरी से पकड़ा गया है।
नई दिल्ली, एएनआई। दिल्ली पुलिस ने दो नाबालिगों सहित चार लोगों को पकड़कर लूट के प्रयास को असफल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बिना लाइसेंस वाली बंदूक और दो कारतूस बरामद किए हैं। सभी को मंगोलपुरी से पकड़ा गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 25 मार्च को पुलिस की एक टीम ने शक के चलते एक न्यूज चैनल के स्टिकर वाली एक एसयूवी को रोका। पुलिस ने बताया कि उन्हें रोकने पर पता चला कि दो किशोरों सहित तीन व्यक्ति लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे थे।
आरोपी पंकज(22) ने पुलिस को बताया कि मंगोलपुरी का रहने वाला सिबू उर्फ भरत(18) को डकैती की साजिश रचने के लिए बुलाया था। पुलिस ने कहा कि सिब्बू ने पंकज को बिना लाइसेंस वाली रिवाल्वर मुहैया कराई।
इनके साथ नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।