दिल्ली पुलिस की डीसीपी हुईं कोरोना संक्रमित, कार्यालय के स्टाफ हुए क्वारंटाइन
उत्तरी दिल्ली जिले की पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें होम क्वारंटाइन किया गया है।
नई दिल्ली [लोकेश चौहान]। उत्तरी दिल्ली जिले की पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें होम क्वारंटाइन किया गया है। उनकी तबियत कई दिनों से ठीक नहीं थी। उनका गला भी खराब था। उनकी कोरोना की जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई। रिपोर्ट से संक्रमण की पुष्टि होने के बाद डीसीपी कार्यालय के स्टाफ को क्वारंटाइन व कार्यालय को सैनिटाइज किया जा रहा है। डीसीपी के संपर्क में आने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मोती नगर के थानाध्यक्ष भी कोरोना की चपेट में
डीसीपी के अलावा पश्चिमी जिले के मोती नगर थानाध्यक्ष भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उनके साथ रहने वाले स्टाफ को भी क्वारंटाइन कर दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि थानाध्यक्ष किस-किस पुलिसकर्मी व अधिकारियों से मिले थे।
अब तक सात थानाध्यक्ष कोरोना संक्रमित
दिल्ली पुलिस के उत्तमनगर, नंदनगरी, नार्थ एवेन्यू, लाजपत नगर और जामिया नगर थानाध्यक्ष समेत सात थानाध्यक्ष कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। अब तक दिल्ली पुलिस के करीब 450 से जवान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
पेपर जैकेट से जागरूक कर रही पुलिस
इधर, कोरोना महामारी से लोगों को बचाने के लिए जागरूक करने को नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं, वहीं अब दिल्ली पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए पेपर जैकेट को अपनाया है। पुलिस लोगों को ये पेपर जैकेट पहनने को दे रही है। इन जैकेट पर दिल्ली पुलिस के लोगो के साथ दो गज की दूरी बनाए रखने का संदेश भी लिखा हुआ है। इस जैकेट को बाइक सवार से लेकर पैदल चलने वाले और काम करने वाले लोग पहन सकते हैं।
दिल्ली पुलिस कई तरीके से कर रही जागरूक
डीसीपी संजय भाटिया ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए दिल्ली पुलिस कई तरीके से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में अब पेपर जैकेट के जरिये जागरूकता फैलाई जा रही है। पेपर जैकेट बांटने के अभियान की शुरुआत बुधवार को जामा मसजिद इलाके से की गई है। ऐसी पांच लाख जैकेट बांटने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिससे लोगों से अधिक लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जा सके।