विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi School Bomb Threat: स्कूलों को धमकी मामले में दिल्ली पुलिस ने रूस की एजेंसी से किया संपर्क

By Jagran NewsEdited By: Sonu Suman
Published: Thu, 02 May 2024 10:23 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने बताया कि रूस की निजी ईमेल सेवा प्रदाता कंपनी मेल डाट आरयू (Mail.ru) रूसी कंपनी वीके द्वारा ...और पढ़ें

स्कूलों को धमकी मामले में दिल्ली पुलिस ने रूस की एजेंसी से किया संपर्क
स्कूलों को धमकी मामले में दिल्ली पुलिस ने रूस की एजेंसी से किया संपर्क

HighLights

  1. इंटरपोल के जरिये रूस की एजेंसी राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो से मांगी है जानकारी
  2. रूस की निजी ईमेल सेवा प्रदाता कंपनी मेल डाट आरयू से भी मांगी जानकारी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के स्कूलों में बम की धमकी देने वाले आरोपित तक पहुंचने के लिए दिल्ली पुलिस ने रूस की एजेंसी से संपर्क किया है। दिल्ली पुलिस ने इंटरपोल के जरिये मेल भेजने वाले का नाम, पता, संपर्क विवरण, वैकल्पिक ईमेल आइडी और संपूर्ण आइडी लोग व आइपी एड्रेस की रूस की एजेंसी राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (एनसीबी) से जानकारी मांगी है।

बृहस्पतिवार को मामले को लेकर दिल्ली पुलिस मेंं कई स्तर पर बैठकों का दौर चला। सूत्रों के अनुसार अभी तक दिल्ली पुलिस को ईमेल भेजने वाले के बारे में कोई ठोस व सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है।

रूसी कंपनी वीके द्वारा प्रदान की जाने वाली ईमेल सेवा

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि रूस की निजी ईमेल सेवा प्रदाता कंपनी मेल डाट आरयू (Mail.ru) रूसी कंपनी वीके द्वारा प्रदान की जाने वाली ईमेल सेवा है। साथ ही उसका डोमेन (.ru)भी इसी कंपनी का है। बुधवार को राजधानी के स्कूलों में ईमेल भेज बम से उड़ाने की धमकी देने वाले संदिग्ध ने इस ई सेवा प्रदाता के साथ पंजीकरण करने के बाद ईमेल आईडी ''savariim @ mail.ru''बनाई।

इस कंपनी द्वारा मेल बनाने वाले और उसके आईवी पते आदि की पहचान छिपाने के लिए एक वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का उपयोग किया गया। ऐसे में पुलिस ने रूस की एजेंसी से संपर्क करने के साथ ही निजी ई-मेल सेवा प्रदाता (.ru)से भी संदिग्ध की जानकारी मांगी है।

मेल आइडी बनाने के लिए पहले कराना पड़ता है पंजीकरण

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि (.ru)पर मेल आइडी बनाने के लिए पहले पंजीकरण करना पड़ता है। पंजीकरण में मेल भेजने वाले संदिग्ध ने अपने विषय में जानकारी दी होगी। इसके बाद ही ईमेल आइडी बनी है। ऐसे में जिस ई-मेल से स्कूलों को धमकी के ई-मेल भेजे गए हैं उसे बनाने वाले के बारे में नाम, पता, संपर्क विवरण, वैकल्पिक ईमेल आइडी और संपूर्ण आइडी लाग मांगा गया है। दिल्ली पुलिस फिलहाल रूसी एजेंसी और कंपनी की तरफ से किसी भी तरह की जानकारी दिए जाने का इंतजार कर रही है।

वर्ष 2023 में भी भेजा गया था स्कूल को धमकी भरा ईमेल

एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने जांच के दौरान पाया है कि दक्षिणी दिल्ली के एक स्कूल को भी 2023 में एक फर्जी धमकी भरा ईमेल मिला था। जहां भेजने वाले ने इसी मेल सेवा mail.ru का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा, वह मामला अभी तक अनसुलझा है।

इन धाराओं में दर्ज की गई एफआईआर

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) टीम द्वारा इस मामले में आईपीसी की धारा 505 (2) (वर्गों के बीच शत्रुता, नफरत या द्वेष पैदा करने या बढ़ावा देने वाले बयान), 507 (गुमनाम संचार द्वारा आपराधिक धमकी), और 120 (बी) (आपराधिक साजिश की सजा) और एक के तहत एफआइआर दर्ज की गई है।

अधिकारी ने कहा, सीआई की समर्पित टीम इस पर काम कर रही है। जांच अधिकारी मामले को सुलझाने के लिए इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक आपरेशंस (आइएफएसओ) और भारतीय साइबर क्राइम कोआर्डिनेशन सेंटर सहित अन्य एजेंसियों की भी मदद ले रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः Amit Shah Fake Video Case: तेलंगाना कांग्रेस मुख्यालय पहुंची दिल्ली पुलिस, पूछताछ के लिए नहीं पहुंचे थे CM रेवंत रेड्डी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।