ट्रांसजेंडर के साथ लिव-इन में था रेहान, एक आदत के चलते दूर होने लगी थी अन्नू; दोस्त के साथ मिलकर किया कत्ल
दिल्ली के मधु विहार में ट्रांसजेंडर अन्नू की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। रेहान जो अन्नू के साथ लिव-इन में था पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद अन्नू की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मधु विहार में अन्नू नाम की ट्रांसजेंडर की हत्या करने के मामले में शामिल दो आरोपी रेहान उर्फ इक्का और मोहम्मद सरवर को क्राइम ब्रांच ने घटना के 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है।
रेहान, अन्नू के साथ चार माह से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। इस दौरान अन्नू से बार-बार पैसे ऐंठने के कारण उसका रेहान से विवाद हो गया था।
उसने रेहान से दूरी बनाना शुरू कर दिया था। जिससे विश्वासघात समझकर गुस्से में रेहान ने साथी के साथ मिलकर साजिश रच अन्नू की हत्या कर दी थी।
झाड़ियों में की थी अन्नू की हत्या
डीसीपी क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपित रेहान, गाजीपुर और मोहम्मद सरवर, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद का रहने वाला है।
चार अगस्त की रात इन्होंने टेल्को टी-प्वाइंट के पास नाले के किनारे झाड़ियों में चाकुओं से वार करके अन्नू की हत्या कर दी थी। सूचना मिलने पर मधु विहार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने क्राइम ब्रांच को भी आरोपितों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी थी।
मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार हुए दोनों आरोपी
पुलिस टीम ने आरोपितों का पता लगाने के लिए ट्रांस-यमुना, गाजियाबाद और मेरठ के इलाकों में कई जगहों पर छापे मारे। अंतत: गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोमवार देर रात लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास दोनों को दबोच लिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।