यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi: आईफोन और एंड्राइड मोबाइल झपटते, फिर गोदाम करे असेंबल और पूरे देश में बेचते; पांच गिरफ्तार
Delhi Crime दक्षिण पश्चिम जिले की एंटी स्नैचिंग सेल ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो कि करोलबाग ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दक्षिण पश्चिम जिले की एंटी स्नैचिंग सेल ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो कि करोलबाग की गफ्फार मार्केट में बैठे-बैठे ही दिल्ली भर के लूट व चोरी के आईफोन को डिसेबल कर देते थे। इसके बाद उसके ओरिजिनल पार्ट्स को मोटे दाम पर पूरे देश में सप्लाई करते थे।
इतना ही नहीं वे चोरी के फोन का मदरबोर्ड बदल कर उसमें चाइनीज मदरबोर्ड डाल देते थे। इसके बाद उन्हें चोरी के फोन का आइएमईआइ नंबर भी बदलना नहीं पड़ता था। पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपितों की पहचान अक्षय उर्फ कालू, भारत उर्फ नितिन उर्फ पवन, आशीष कुमार उर्फ गबरू, अर्जुन शंकर और रजत राणा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 50 आईफोन, 56 एप्पल फोन सिम ट्रे, एप्पल मोबाइल फोन के बहुत सारे स्पेयर पार्ट्स और एक केटीएम बाइक बरामद की है।
इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस 75 मामले सुलझाने का दावा कर रही है। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
जांच टीम ने खंगाली सीसीटीवी
पुलिस उपायुक्त मनोज सी ने बताया कि एंटी स्नैचिंग सेल, दक्षिण पश्चिम जिले की टीम को जिले के झपटमारी के मामलों पर काम करने का जिम्मा सौंपा गया। टीम ने कई वारदातों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। साथ ही टेक्निकल सर्विलांस की मदद से भी आरोपितों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की।
इसी बीच गत नौ फरवरी को शिकायतकर्ता विनीत कुमार ने साउथ कैंपस थाने में शिकायत दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मोती बाग गुरुद्वारा बस स्टैंड पर खड़े थे। तभी बाइकसवार दो बदमाश उनका फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपितों को पकड़ने के लिए डीसीपी मनोज सी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी की मदद से आरोपितों की पहचान कर आरोपित अक्षय और भारत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल फोन लूटने का काम करते हैं।
इसके बाद वे उन मोबाइल फोनों को करोल बाग में अर्जुन नामक एक शख्स को बेचते हैं। इसकी निशानदेही पर अर्जुन को भी दबोच लिया गया। पुलिस को उसके पास से छह मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ के दौरान आरोपित अर्जुन ने बताया कि वह गफ्फार मार्केट में चोरी के मोबाइल फोन खरीदने और बेचने का काम करता था।
इसके बाद वह एंड्राइड मोबाइल फोन को गफ्फार मार्केट के काउंटरों पर बेच देता था। साथ ही आईफोन को गफ्फार मार्केट में रजत राणा की दुकान पर बेचता था। इसके बाद पुलिस ने रजत की दुकान पर छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। गफ्फार मार्केट में उसका गोदाम है। पुलिस ने उसके गोदाम से आईफोन और उसके पार्ट्स बरामद किए हैं।
गोदाम में असेंबल करते थे आईफोन
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपित गोदाम में आईफोन को खोलकर उसके पार्ट्स को पूरे देश में सप्लाई करते थे। इतना ही नहीं वे चोरी के फोनों का मदरबोर्ड बदलकर उसमें चाईनीज मदर बोर्ड लगा देते थे। इससे चोरी के फोन को पकड़ पाना नामुमकिन हो जाता है। वह गफ्फार मार्केट में भी फोन के पार्ट्स बेचते थे।
कमीशन पर बेचता था फोन
पुलिस उपायुक्त मनोज सी ने बताया कि आशीष उर्फ गबरू झपटमारों और रिसीवर के बीच दलाल का काम करता था। वह झपटमारों को वारदात करने के लिए बाइक और स्कूटी देता था और कमीशन के आधार पर रिसीवर को बेचता था। आगे उसने पुलिस को बताया कि उसके पांच दोस्त झपटमारी की वारदात करते थे। इन छीने गए मोबाइल फोनों को अर्जुन को गफ्फार मार्केट में बेचता था।