यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Crime: जेल से निकलने के बाद भी नहीं हुआ सुधार, फिर से की सेंधमारी; दो नाबालिग सहित पांच आरोपित गिरफ्तार
जेल से निकलने के बाद भी एक शख्स ने अपराध की दुनिया से नाता नहीं तोड़ा और निकलने के चंद ...और पढ़ें

पश्चिमी दिल्ली, जागरण संवाददाता। जेल से निकलने के बाद भी एक शख्स ने अपराध की दुनिया से नाता नहीं तोड़ा और निकलने के चंद दिनों बाद ही सेंधमारी की वारदात में अपने साथियों के साथ शामिल हो गया। आरोपितों में से एक ने सेंधमारी से हासिल आभूषण को आगरा के एक आभूषण कारोबारी को बेच दिया और हासिल रकम से हरिद्वार घूमने के लिए निकल गया।
2 नाबालिग सहित 5 आरोपित पकड़े गए
बिंदापुर थाना क्षेत्र में सेंधमारी से जुड़े इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिग सहित पांच आरोपितों को पकड़ा, जिसमें एक सेंधमार से आभूषण खरीदने वाला आरोपित है। मामले की छानबीन जारी है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने बताया कि बिंदापुर थाने में 31 मार्च को सेंधमारी की एक शिकायत दर्ज हुई। पीड़ित ने शिकायत में कहा कि उनके घर से करीब 600 ग्राम सोना, 900 ग्राम चांदी और करीब आठ लाख नकद की चोरी हुई है।
बिंदापुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मलिक के नेतृत्व तथा राजबीर लांबा की देखरेख में गठितम पुलिस टीम ने जांच शुरू की। वारदात स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तीन अप्रैल को सूचना मिली कि सेंधमारी में शामिल लोग राजापुरी में हैं। टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक नाबालिग को पकड़ा। इसके पास से 59,500 रुपये बरामद किए।
50 हजार रुपये नकद बरामद हुए
पूछताछ में इसने बताया कि इसने अपने दोस्त नीरज उर्फ वीरू, राहुल दिवाकर और एक अन्य नाबालिग के साथ मिलकर बिंदापुर के घर में चोरी की थी। इसकी निशानदेही पर चार अप्रैल को दूसरे नाबालिग को भी राजापुरी से पकड़ा गया। इसके पास से कुछ आभूषण और 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके घर से भी आभूषण व नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने राहुल दिवाकर उर्फ मनप्रीत को भी सोम बाजार से गिरफ्तार किया।
जेल से निकलने के बाद फिर की सेंधमारी
इसके पास भी नकदी व आभूषण बरामद किया गया। पूछताछ में इसने बताया कि सोना उसने अपने घर में छुपाया है, जबकि नाबालिग के हिस्से का सोना आगरा के आभूषण कारोबारी के पास है। राहुल 28 मार्च को भी जेल से छूटा था। यह सेंधमारी के मामले में ही जेल में बंद था। जेल से निकलने के बाद इसने फिर सेंधमारी करनी शुरू कर दी। राहुल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने आगरा में दबिश दी और शुभम वर्मा को गिरफ्तार किया। लेकिन अभी तक इस पूरे मामले में नीरज पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
सात अप्रैल को जिले की जेल बेल सेल की टीम को पता चला कि नीरज छठ पूजा पार्क के पास है। पुलिस ने दबिश देकर नीरज शर्मा उर्फ वीरू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि वीरू हरिद्वार और कुछ अन्य जगहों पर घूमने गया। इसके बाद वह दिल्ली आ गया और यहां उसने कुछ आभूषण बेच दिया था। अब वह दिल्ली से भागने की फिराक में था लेकिन इससे पहले पुलिस ने उसे दबोच लिया।