यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi: महिला मित्र को महंगे उपहार देने और सुख-सुविधा भरे जीवन के लिए शुरू की चोरी, गिरफ्तार
लाजपत नगर थाना पुलिस ने एक कुख्यात चोर को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान तुगलकाबाद के अंकित के रूप में ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। लाजपत नगर थाना पुलिस ने एक कुख्यात चोर को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान तुगलकाबाद के अंकित के रूप में हुई है। वह बिहार के समस्तीपुर का मूल निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के 15 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
आरोपित अंकित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आठ मामलों को सुलझाने का दावा कर रही है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित अपनी महिला मित्र को महंगे उपहार देने और सुख-सुविधा से भरा जीवन जीने की चाह में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 11 मार्च को लाजपत नगर थाने में एक केमिस्ट की दुकान से मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस लगातार मोबाइल की लोकेशन पता करने के लिए तकनीकि विशेषज्ञों की मदद से काम कर रही थी।
कुछ समय बाद आरोपित ने चोरी के मोबाइल में मौजूद शिकायतकर्ता के वॉट्सएप खाते को सक्रिय किया और पीड़ित के किसी रिश्तेदार से मेडिकल इमरजेंसी के नाम पर 15 हजार रुपए की मांग करने लगा। जिसके बाद पुलिस की सलाह पर रिश्तेदार ने 15 हजार रुपए आरोपित के गूगल पे खाते के माध्यम से भेज दिया और जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने उसकी महिला मित्र के घर से चोरी के 14 अन्य मोबाइल फोन बरामद कर लिए। पूछताछ के दौरान अंकित ने पुलिस को बताया कि वह बिहार के समस्तीपुर का मूल निवासी है।
पैसे की तंगी के चलते वह अपने अनुसार भोग विलास का जीवन नहीं जी पा रहा था। साथ ही अपनी महिला मित्र को भी उपहार इत्यादि नहीं दे पा रहा था। इसके लिए उसने कपड़े व अन्य दुकानों पर दुकानदारी में व्यस्त दुकानदारों को निशाना बनाना शुरू कर दिया और उनका मोबाइल फोन चुराने लगा।