विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

13 करोड़ की कोकीन के साथ ड्रग्स सिंडिकेट का सरगना अफ्रीकी नागरिक गिरफ्तार, दिल्ली-NCR में करता था सप्लाई

Published: Wed, 24 Jul 2024 08:23 PM (IST)

Delhi Drugs Syndicate News दिल्ली पुलिस ने ड्रग्स का सरगना गिरफ्तार किया है। उसके साथ में उसका साथी भी गिरफ्तार ...और पढ़ें

13 करोड़ की कोकीन के साथ अफ्रीकी नागरिक गिरफ्तार।
13 करोड़ की कोकीन के साथ अफ्रीकी नागरिक गिरफ्तार।

HighLights

  1. दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस ने अफ्रीका के एक ड्रग तस्कर को पकड़ा।
  2. आरोपी दिल्ली एनसीआर में चला रहा था ड्रग तस्करी का सिंडिकेट।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस ने विदेशी ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश कर एक अफ्रीकी ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से करीब 13 करोड़ की कोकीन बरामद की है। वह पिछले काफी समय से दिल्ली-एनसीआर में ड्रग की तस्करी कर रहा था।

पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि आरोपी की पहचान अफ्रीका के आइवरी कोस्ट निवासी गनहोर सर्ज पैकोम के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक विदेशी सिंडिकेट क्षेत्र में कोकीन की तस्करी कर रहा है। फिर पुलिस ने 15 जून को आश्रम के हरिनगर में छापेमारी कर दो ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया।

नाइजीरिया के रहने वाले तस्कर

इनकी पहचान नाइजीरिया निवासी एनने चुक्वा और लिविनस उचे के रूप में हुई। पुलिस ने इनसे 386 ग्राम कोकीन बरामद की थी। इनके खिलाफ सनलाइट कॉलोनी थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।

ड्रग बेचने वालों का नहीं बताया था नाम

आरोपियों ने पूछताछ में उन्हें ड्रग बेचने वाले का नाम नहीं बताया था। तब से ही पुलिस दोनों शातिरों को ड्रग बेचने वाली की तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने हरिनगर में ही छापेमारी कर आरोपी गनहोर सर्ज पैकोम को गिरफ्तार कर लिया।

क्या-क्या हुआ बरामद

गनहोर ही दोनों को ड्रग की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने आरोपी से करीब 13 करोड़ रुपये की 1.321 किलोग्राम कोकीन सहित सात मोबाइल, एक स्कूटी व 11900 रुपये, पैकिंग सामग्री और एक डिजिटल वजन मापने की मशीन बरामद की है।

अवैध रूप से भारत में रह हा था तस्कर

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तस्कर वीजा अवधि समाप्त होने के बाद दिल्ली एनसीआर में कोकीन की तस्करी कर रहा था। वह अपनी मां के साथ आइवरी कोस्ट में रहता था। उसने मार्च 2022 में भारत के लिए वीजा जारी करवाया था। इसकी अवधि सात सितंबर 2022 को खत्म हो गई थी। तब से ही आरोपी अवैध रूप से भारत में रहकर ड्रग तस्करी कर रहा था।

ये भी पढ़ें- लाजपत नगर बम विस्फोट मामले में 28 साल बाद गिरफ्तार आरोपित की मिली नियमित जमानत

किशोरावस्था से ही नशा तस्करी में शामिल

आरोपी किशोरावस्था से ही नशा तस्करी में शामिल रहा है। वह अपने देश में भी कोकीन सहित अन्य नशीले पदार्थों को अवैध रूप से बेचता था। पुलिस सिंडिकेट के अन्य तस्करों का पता लगाने के लिए गनहोर सर्ज पैकोम को रिमांड पर ले रही है। रिमांड अवधि में सिंडिकेट के अन्य साथियों व कोकीन भेजने वाले के बारे में पूछताछ की जाएगी।