Move to Jagran APP

Delhi: आनंद विहार बस अड्डे पर यात्रियों के भटकने से मचा हड़कंप, UPSRTC बसों के परिचालन बंद होने से लोग नाराज

UPSRTC बसों के रात 8 बजे परिचालन बंद होने से आनंद विहार बस अड्डे पर यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्री बस अड्डे पर भटकते रहे। कुछ यात्रियों ने निजी बस लेने का रुख किया। कुछ यात्री नाराज होकर वापस लौट गए।

By Swadesh kumarEdited By: Abhi MalviyaPublished: Tue, 20 Dec 2022 11:47 PM (IST)Updated: Tue, 20 Dec 2022 11:47 PM (IST)
परिचालन बंद होने की यात्रियों को नहीं मिली जानकारी

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों का परिचालन आनंद विहार बस अड्डे से भी रात आठ बजे बंद कर दिया गया। इसकी वजह से रात में उप्र के अलग-अलग जिलों में जाने के लिए पहुंचे यात्री भटकते रहे। उन्हें अपने गंतव्य स्थान पर जाने के लिए रोडवेज की बसें नहीं मिलीं।

loksabha election banner

यात्रियों ने किया निजी बसों का रुख

कुछ यात्रियों ने अधिक किराया के साथ निजी बसों का विकल्प चुना तो कुछ वापस भी लौट गए। मंगलवार रात आठ बजे बस अड्डे में यूपीएसआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह पहुंचे। उन्होंने यहां के अधिकारियों को निगम की बसों के परिचालन पर रोक लगाने का आदेश दिया। इसके बाद सभी बसों को यहीं रोक दिया गया। हालांकि आनंद विहार बस अड्डे के बाहर से निजी बसों का परिचालन चालू था। इस कारण कुछ यात्री उनमें जाकर सवार हो गए। लेकिन बस अड्डे के अंदर बसें खड़ी रहीं।

परिचालन बंद होने की यात्रियों को नहीं मिली जानकारी

यात्रियों का कहना था कि रात में बसों का परिचालन बंद होने की उन्हें जानकारी ही नहीं थी। अगर जानकारी होती तो वे यहां नहीं आते। कुछ यात्री अकेले थे। लेकिन कुछ परिवार के साथ भी आए थे। इन्हें सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। आसपास कहीं ठहरने की व्यवस्था न होने से ये काफी नाराज नजर आए।

यात्रियों की प्रतिक्रिया

मैं तिलक नगर से यहां पहुंचा था। मुझे एटा जाना था। मैं दो घंटे से यहां बस का इंतजार कर रहा हूं। लेकिन कोई विकल्प नहीं मिल रहा है। मुझे बसों का परिचालन बंद होने की जानकारी नहीं थी।

- मनीष कुमार

मुझे बदायूं जाना था। मैं बेगमपुर से बस से यहां आया था। डेढ़ घंटे से यहां इंतजार कर रहा हूं। रोडवेज की कोई बस नहीं जा रही है। निजी बस में जाने के लिए किराया नहीं है। अब मैं वापस लौट जाउंगा।

- विकास

मुझे इटावा जाना था। मैं यहां अशोक विहार से आया। ढाई घंटे तक इंतजार किया। कोई बस नहीं मिली। निजी बस में जाने के लिए पैसे नहीं है। वापस लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

- अली खान

मैं मोहन गार्डन से अपने पति और दो बच्चों के साथ यहां इटावा की बस पकड़ने आई थी। लेकिन एक घंटे से कोई बस नहीं मिल रही है। आनंद विहार रेलवे स्टेशन से भी अभी कोई ट्रेन नहीं है। ऐसे में अब वापस ही लौटना पड़ेगा।

-रेनू, 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.