Delhi Ordinance: अध्यादेश पर कांग्रेस आप के साथ या विरोध में, फैसला आज; पंजाब के नेताओं की भी ली जाएगी राय
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसी मुद्दे पर राय-मशविरा करने के लिए सोमवार की सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की पार्टी मुख्यालय में बैठक बुलाई है। बैठक के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल समेत कई नेताओं को बुलाया है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली में अधिकारियों के तबादले और तैनाती को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी अध्यादेश पर सियासी पारा अब भी गर्म है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तमाम विपक्षी दलों को इस अध्यादेश के खिलाफ एकजुट करने में लगे हैं। उन्होंने कांग्रेस से भी समर्थन मांगा है, लेकिन कांग्रेस अध्यादेश पर आप के साथ रहेगी या विरोध में, इसका फैसला सोमवार को होने की संभावना है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसी मुद्दे पर राय-मशविरा करने के लिए सोमवार की सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की पार्टी मुख्यालय में बैठक बुलाई है। बैठक के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी, पूर्व अध्यक्ष जेपी अग्रवाल, अजय माकन, सुभाष चोपड़ा, अरविंदर सिंह लवली के साथ मनीष चतरथ, देवेंद्र यादव और हारून यूसुफ को बुलाया गया है।
सूत्रों की मानें तो बैठक में राहुल गांधी भी मौजूद रह सकते है। दिल्ली के नेताओं से राय-मशविरा करने के बाद पार्टी नेतृत्व पंजाब कांग्रेस के नेताओं से भी चर्चा करेंगे। इसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। दूसरी तरफ अभी के घटनाक्रम पर निगाह डालें तो दिल्ली और पंजाब इकाई आप के सख्त खिलाफ है। वरिष्ठ नेता अजय माकन विस्तार से यह भी बता चुके हैं कि पार्टी को आप का साथ क्यों नहीं देना चाहिए।
दूसरी तरफ पार्टी का एक वर्ग लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आप और कांग्रेस के गठबंधन की संभावनाएं तलाशते हुए पार्टी नेतृत्व से समर्थन के लिए ‘हां’ भी करवा सकते हैं। देखना दिलचस्प होगा कि सोमवार को कांग्रेस आखिरी निर्णय क्या लेती है।