विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather News: सर्दी, बारिश और बढ़ता तापमान... IMD ने क्या कहा? जानिए दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम

Published: Sun, 28 Jan 2024 06:00 AM (IST)Updated: Sun, 28 Jan 2024 06:05 AM (IST)

Delhi Weather राजधानी में मौसम का मिजाज बदल रहा है। कोहरा भी कम हुआ है। इस वजह से शनिवार को ...और पढ़ें

जानिए दिल्ली NCR में कैसा रहेगा मौसम
जानिए दिल्ली NCR में कैसा रहेगा मौसम

HighLights

  1. कोहरा हुआ कम, दिन में गुनगुनी धूप निकलने से ठंड से भी रही राहत।
  2. सुबह में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम होने से रही ठिठुरन
  3. अगले सप्ताह हल्की वर्षा व तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में मौसम का मिजाज बदल रहा है। कोहरा भी कम हुआ है। इस वजह से शनिवार को मध्यम स्तर का कोहरा रहा। इससे आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport) पर सुबह साढ़े पांच बजे से आठ बजे तक न्यूनतम दृश्यता 300 मीटर रही। इससे 146 उड़ाने प्रभावित हुईं।

सुबह में दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहने के कारण ठंड अधिक और ठिठुरन भी रही। लेकिन बाद में दिन में गुनगुनी धूप निकलने से ठंड से लोगों राहत मिली। अधिकतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया।

अधिकतम तापमान बढ़ा

मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है। वहीं, 31 जनवरी व एक फरवरी को दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है।

शनिवार को कितना रहा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक और इस माह अब तक सर्वाधिक है। न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। इस वजह से सुबह में शीत लहर जैसी स्थिति रही। न्यूनतम तापमान सबसे कम लोधी रोड में चार डिग्री सेल्सियस रहा। जाफरपुर में भी न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

रविवार को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आकाश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। सुबह में हल्का कोहरा हो सकता है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद दो दिन आकाश साफ रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक हल्का या मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता। फिलहाल घना या अति घना कोहरा होने की संभावना नहीं है।

अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में भी तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। फिर भी अभी कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा। इसलिए सुबह के वक्त ठंड बरकरार रहेगी।

घरेलू उड़ानें अधिक हुईं विलंब

आईजीआई एयरपोर्ट से 32 अंतरराष्ट्रीय उड़ाने विलंब हुईं। जिसमें 18 आगमन व 14 प्रस्थान करने वाली उड़ाने शामिल हैं। वहीं 114 घरेलू घरेलू उड़ाने विलंब हुईं। जिसमें 69 प्रस्थान व 45 आगमन की उड़ाने शामिल रहीं। वहीं 100 से अधिक ट्रेनें भी कोहरे के कारण विलंब से दिल्ली पहुंची। कई ट्रेनें 20 घंटे से भी अधिक देरी से चल रही हैं। करीब 40 ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया।