यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Weather Forecast Update: दिल्ली-उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कब शुरू हो सकती है ठिठुरन भरी ठंड?
Delhi Weather today दिल्ली-एनसीआर में ठंड का आगाज पूरी तरह से हो चुका है। पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम पारा ...और पढ़ें

नई दिल्ली/नोएडा/गुरुग्राम/सोनीपत, जागरण डिजिटल डेस्क। Delhi Weather today दिल्ली-एनसीआर समेत समूचे उत्तर भारत में ठंड ठीकठाक अंदाज में शुरू हो चुकी है। बृहस्पतिवार को भी सुबह लोगों ने ठीकठाक ठंड महसूस की। इस दौरान चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। इस बीच आगामी 15 दिनों के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत समूचे उत्तर भारत में ठिठुरन भरी ठंड शुरू होने का पूर्वानुमान जताया गया है।
NCR के शहरों में अभी और गिरेगा पारा
मौसम विभाग ने बताया के मुताबिक, पूरे सप्ताह न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास तो अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद अगले सप्ताह 29 नवंबर तक अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री तक रहने के आसार हैं। कुलमिलाकर आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री तक बना रहेगा। स्काईमेट के अनुसार अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट आ सकती है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं राजधानी में गिरते तापमान की वजह है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस बार सुबह और शाम नए रिकार्ड बनेंगे। अब तक नवंबर के 23 दिनों में छह दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। इससे पूर्व 2020 में पूरे नवंबर के दौरान महज छह दिन और 2017 के दौरान आठ दिन तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया था। आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना व्यक्त की गई है।
बुधवार की सुबह रही सीजन की सबसे ठंडी
इससे पहले बुधवार की सुबह इस सीजन की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान सिर्फ आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्दी बढ़ने का दौर लगातार जारी रहेगा। इस बीच मौसम विभाग के मुताबिक, ठिठुरन भरी सर्दी के लिए दिसंबर के प्रथम सप्ताह का इंतजार करना होगा।
बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 29 से 90 प्रतिशत रहा। बृहस्पतिवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।
