Delhi Metro: येलो लाइन पर दिल्ली मेट्रो की रफ्तार हुई धीमी, तीन सप्ताह में तकनीकी खराबी के कारण छह बार रुकी मेट्रो
Delhi Metro Yellow Line Updates दिल्ली मेट्रो में एक बार फिर तकनीकी खराबी आने के कारण देरी से चल रही है। येलो लाइन पर विश्वविद्यालय और समयपुरी बादली के बीच मेट्रो की रफ्तार धीमी है। बाकी सभी जगहों पर मेट्रो अपने निर्धारित समय और गति से चल रही है।
नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। मेट्रो में इन दिनों तकनीकी खराबी की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को दोपहर में यलो लाइन (समयपुर बादली-हुडा सिटी सेंटर) के आदर्श नगर स्टेशन पर ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) टूटने से एक घंटा परिचालन प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ओएचई टूटने की घटना स्टेशन पर होने के कारण दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के तकनीकी कर्मचारियों ने उसे जल्दी ठीक कर लिया, लेकिन इस माह तीन सप्ताह में मेट्रो में तकनीकी खराबी के कारण परिचालन प्रभावित होने की छह घटनाएं हो चुकी हैं।
डीएमआरसी ने दोपहर 12:55 बजे ट्वीट कर समयपुर बादली से विश्वविद्यालय के बीच परिचालन प्रभावित होने की सूचना दी। डीएमआरसी के अनुसार ओएचई टूटने के कारण हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली की तरफ जा रही मेट्रो आदर्श नगर स्टेशन पर रुक गई। थोड़ी दर परिचालन ठप रहने के बाद जहांगीरपुरी से हुडा सिटी सेंटर के बीच सिंगल लाइन पर परिचालन शुरू किया गया।
इस दौरान जहांगीरपुर से हुडा सिटी सेंटर और समयपुर बादल से जहांगीरपुरी के बीच दो लूप में सामान्य रूप से मेट्रो का परिचालन किया गया। इस दौरान फ्रीक्वेंसी कम होने के कारण देर से मेट्रो उपलब्ध हो पा रही थी। करीब 49 किलोमीटर लंबी यलो लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे व्यस्त कारिडार है।
ओएचई ठीक होने के बाद दोपहर दो बजे इस कारिडोर पर परिचालन सामान्य हो गया। इस माह ब्लू लाइन पर दो बार ओएचई टूटने की घटना हो चुकी है।
हाल ही में मेट्रो परिचालन प्रभावित होने की घटनाएं
19 जून- ब्लू लाइन पर मेट्रो ट्रेन में तकनीकी खराबी से कुछ देर परिचालन प्रभावित।
11 जून- वायलेट लाइन पर सिग्नल में खराबी से सवा दो घंटे परिचालन प्रभावित।
नौ जून- ब्लू लाइन ओएचई टूटने के कारण सुबह में तीन घंटे परिचालन प्रभावित।
नौ जून- रेड लाइन पर शाम में तकनीकी खराबी होने से करीब 45 मिनट परिचालन प्रभावित।
छह जून- ब्लू लाइन पर ओएचई टूटने से करीब डेढ़ घंटा परिचालन प्रभावित।
21 मई- एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर तकनीकी खराबी से आधा घंटा परिचालन प्रभावित।
20 मई- ब्लू लाइन पर तकनीकी खराबी से करीब डेढ़ घंटा मेट्रो का परिचालन प्रभावित।
19 मई- ब्लू लाइन पर तकनीकी खराबी से अक्षरधाम से मयूर विहार फेज एक के बीच कुछ देर परिचालन प्रभावित।
12 मई- वायलेट लाइन पर तकनीकी खराबी से करीब दो घंटे परिचालन प्रभावित।