MCD by-polls: भाजपा ने भी निगम उप चुनाव के लिए की प्रत्याशियों की घोषणा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पांचों सीटों के उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें उत्तरी दिल्ली की शालीमार बाग (उत्तरी) से सुरभि जाजू रोहिणी सी से राकेश गोयल पूर्वी दिल्ली में त्रिलोकपुरी ईस्ट सीट से ओमप्रकाश कल्यापुरी से सियाराम और चौहान बांगर से मो. नाजिर को उम्मीदवार बनाया है।
नई दिल्ली, निहाल सिंह। भाजपा ने दिल्ली में नगर निगम के उप-चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पांचों सीटों के उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें उत्तरी दिल्ली की शालीमार बाग (उत्तरी) से सुरभि जाजू, रोहिणी सी से राकेश गोयल, पूर्वी दिल्ली में त्रिलोकपुरी ईस्ट सीट से ओमप्रकाश गुगरवाल, कल्यापुरी से सियाराम कनौजिया और चौहान बांगर से मो. नाजिर को उम्मीदवार बनाया है।
उत्तरी दिल्ली से शालीबाग सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुरभि जाजू, दिवंगत पार्षद रेणु जाजू की बेटी है। तो वहीं, राकेश गोयल वर्ष 2017 में भी निगम चुनाव लड़े थे और दूसरे स्थान पर रहे थे। वह वर्तमान में मंडल के अध्यक्ष हैं।
पूर्वी दिल्ली चौहान बांगर सीट पर प्रत्याशी बनाए मो. नाजिर दो दशक से भाजपा में कार्य कर रहे हैं और जिले में अल्पसंख्यक मोर्च के अध्यक्ष तक रह चुके हैं।
कल्याणपुरी से प्रत्याशी सियाराम कनौजिया गरीब परिवार से संबंध रखते हैं और वह वहीं पर झुग्गियों में रहते हैं।
ओम प्रकाश गुगरवाल राजस्थान के बैरवा समाज से संबंध रखते हैं और वर्तमान में वह मंडल के अध्यक्ष भी हैं। उल्लेखनीय है कि सोमवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरु हो रही है। पांच सीटों पर 28 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। वहीं, तीन मार्च को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
कांग्रेस ने भी घोषित किए उम्मीदवार
इससे पहले नगर निगम उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने शनिवार को पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा की। त्रिलोकपुरी पूर्व (सुरक्षित) वार्ड से बाल किशन और कल्याणपुरी (सुरक्षित) से धर्मपाल मौर्या को मैदान में उतारा गया है। चौहान बांगर से चौधरी जुबैर अहमद को प्रत्याशी बनाया गया है। रोहिणी (सी) मेमवति बरवाला को और शालीमार बाग उत्तर (महिला आरक्षित) वार्ड से ममता कांग्रेस की उम्मीदवार होंगी।