यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Crime: कालकाजी इलाके में छात्रों के दो गुटों के बीच चाकूबाजी, नाबालिग घायल; एक को पुलिस ने पकड़ा
दक्षिण पूर्वी जिले के कालकाजी इलाके में नाबालिग छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़े में हुई चाकूबाजी के दौरान ...और पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली, जागरण संवाददाता। दक्षिण पूर्वी जिले के कालकाजी इलाके में नाबालिग छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़े में हुई चाकूबाजी के दौरान बीच-बचाव करने आया एक नाबालिग छात्र बुरी तरह घायल हो गया। दरअसल, कुछ छात्रों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद मौके से गुजर रहे एक बाइकसवार की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
वारदात में शामिल एक नाबालिग पकड़ा गया
पुलिस ने घायल के दोस्त के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वारदात में शामिल एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। वहीं, दो अन्य नाबालिग अभी फरार हैं। बताया जा रहा है कि दोनों फरार नाबालिग गोविंदपुरी इलाके के रहने वाले हैं। दक्षिण पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि बृहस्पतिवार को कालकाजी थाने में हमदर्द अस्पताल से एक घायल नाबालिग को एडमिट करने के बारे में सूचना मिली।
आरोपित ने कई बार चाकू से किए वार
कॉलर ने पुलिस को बताया कि एक नाबालिग को कई बार चाकू घोंपे जाने से वह बुरी तरह घायल हो गया है। मौके पर जाकर पुलिस को पता चला कि पीड़ित के सीने में दायीं ओर चाकू से वार किया गया है। इसके बाद हमदर्द अस्पताल से पीड़ित को सफदरजंग अस्पताल में भेज दिया गया। हालांकि, इस दौरान बुरी तरह से घायल होने के नाते पीड़ित का बयान नहीं लिया जा सका।
पूछताछ के दौरान पीड़ित के एक दोस्त (14) ने पुलिस को बताया कि वह कालकाजी स्थित गवर्नमेंट को-एड स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र है। तीन-चार दिनों पहले स्कूल में उसके और दूसरे सेक्शन के अन्य नाबालिग के बीच खेलने के दौरान झगड़ा हुआ था। इसके बाद 19 अप्रैल को दोपहर करीब दो बजे जब वह स्कूल से घर जाने के लिए निकले तो स्कूल के बाहर आरोपित नाबालिग ने अन्य दो नाबालिगों के साथ मिलकर उन्हें रोक लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
हमला कर मौके से फरार हो गए आरोपित
इस दौरान उन्हें बचाने के लिए उनके दोस्त यानी घायल नाबालिग आए और बीच-बचाव की कोशिश करने लगे। ये बात आरोपित नाबालिगों को नागंवार गुजरी जिसके बाद तीनों आरोपित नाबालिगों ने पीड़ित नाबालिग की पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच एक आरोपित नाबालिग ने चाकू निकालकर पीड़ित पर ताबड़तोड़ वार कर दिया और तीनों मौके से फरार हो गए।
इसके बाद वहां से गुजर रहे एक बाइकसवार ने घायल नाबालिग को अस्पताल पहुंचाया जिसके बाद उनका इलाज शुरू किया जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और एक नाबालिग को पकड़ लिया। फिलहाल दो अन्य नाबलिगों की तलाश में पुलिस छानबीन कर रही है।