विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi: मिशन बुनियाद का ज्वाइंट ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित, आतिशी बोलीं- स्कूलों में बैठा है देश का भविष्य

By Rajneesh kumar pandeyEdited By: Abhi Malviya
Published: Sat, 15 Apr 2023 10:26 PM (IST)

दिल्ली सरकार के राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद् (एससीईआरटी) द्वारा शनिवार को शिक्षा निदेशालय और एमसीडी स्कूलों के 2700 ...और पढ़ें

मौके पर शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि देश का भविष्य कक्षाओं में बैठा है।
मौके पर शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि देश का भविष्य कक्षाओं में बैठा है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली सरकार के राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद् (एससीईआरटी) द्वारा शनिवार को शिक्षा निदेशालय और एमसीडी स्कूलों के 2700 से अधिक स्कूल प्रमुखों के लिए मिशन बुनियाद का ज्वाइंट ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मौके पर शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि देश का भविष्य कक्षाओं में बैठा है। जरुरी है कि हम अपनी कक्षाओं में बैठे बच्चों के बुनियाद को मजबूत करें। साथ ही मिशन बुनियाद के लक्ष्यों को शत प्रतिशत हासिल करने के लिए स्कूल प्रमुख और शिक्षक आगे बढ़कर जिम्मेदारी लें। मेयर शैली ओबराय ने कहा कि सभी स्कूल प्रमुख अपने शिक्षकों को हमेशा बच्चों को बेहतर सीखने में मदद करने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में शिक्षा सचिव अशोक कुमार, एमसीडी कमिश्नर ज्ञानेश भारती, शिक्षा निदेशक हिमांशु गुप्ता, शिक्षा निदेशक (एमसीडी) विकास त्रिपाठी, एससीईआरटी निदेशक रीटा शर्मा, अतिरिक्त शिक्षा निदेशक नंदिनी महाराज, प्रधान शिक्षा सलाहकार शैलेन्द्र शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि दिल्ली सरकार और एमसीडी की टीम एजुकेशन बाबा साहेब की जयंती के अगले दिन ही साथ मिलकर दिल्ली के हर बच्चे को बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक मंच पर है। पिछले 75 सालों में सरकारों ने शिक्षा और सरकारी स्कूलों पर उचित ध्यान नहीं दिया।

इससे आज हमारे सरकारी स्कूलों में जो बच्चे आते हैं, वो अधिकतर उस परिवेश से आते हैं जो शायद फर्स्ट जनरेशन लर्नर हैं, इसलिए इस संदर्भ में मिशन बुनियाद बेहद महत्वपूर्ण बन जाता है। मिशन बुनियाद द्वारा न केवल बच्चों की भाषा और बुनियादी गणित की समझ को बेहतर बनाया जाएगा बल्कि हर बच्चे को बराबरी का अवसर दिया जाएगा।

चाहे उसके माता-पिता पढ़े-लिखे न हो, घर में पढाई में सपोर्ट करने वाला न हो लेकिन हमारे स्कूलों में पढने वाले हर बच्चे को पढ़ना-लिखना आएगा। जब शिक्षक अपनी कक्षाओं में बच्चों को पढाएं तो इस बात को याद रखें कि वे अपने देश को एक बेहतरीन भविष्य दे रहे हैं। देश के लिए आने वाले इंजीनियर, डाक्टर, सीईओ तैयार कर रहे हैं।

मेयर शैली ओबराय ने कहा कि कोविड महामारी के चलते दो साल तक बच्चों की पढ़ाई काफी प्रभावित रही। उसी गैप को भरने के लिए मिशन बुनियाद की शुरुआत की गई है। छात्रों को ऐसा माहौल प्रदान किया जाना चाहिए, जिसमें वे खेल-खेल में पढाई कर सकें। उन्होंने कहा कि जब छात्र कक्षा छठवीं में जाता है तो एकदम से पढ़ाई का स्तर बढ जाता है।

ऐसे में हमें एक से लेकर पांचवीं तक की लर्निंग प्रोसेस को बेहतर करना है। छात्र ही राष्ट्र निर्माण के भविष्य हैं इसलिए हमें बच्चों के संपूर्ण विकास का शिक्षा माडल तैयार करना है। इसके लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण भी बेहद जरूरी है। जिस तरह से दिल्ली सरकार ने शिक्षकों को विदेश प्रशिक्षण के लिए भेजा उसी तरह हम भी एमसीडी में शिक्षकों को विदेशों में प्रशिक्षण के लिए भेजेंगे।

मिशन बुनियाद की मौजूदा स्थिति

शिक्षा निदेशालय के अनुसार, पिछले सत्र में एमसीडी स्कूलों के कक्षा पांच के 47% बच्चे और दिल्ली सरकार के स्कूलों में कक्षा पांच के 70% बच्चे सिंपल टेक्स्ट पढ़ सकते थे। मौजूदा सत्र 2023-24 में ये सभी बच्चे दिल्ली सरकार के स्कूलों की छठीं कक्षा में हैं। इसे शत प्रतिशत बनाने के लिए टीम एजुकेशन प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।

नए सत्र में मिशन बुनियाद की तैयारी

  • - कक्षा तीन से पांच के बच्चों को बिना अटके शार्ट स्टोरी पढ़ने के लिए और कक्षा छह से आठ के शेष सभी बच्चों को धाराप्रवाह एडवांस स्टोरी पढ़ने के लिए तैयार किया जायेगा। इससे उन्हें अपनी कक्षा की पाठ्यपुस्तकों को पढ़ने में मदद मिलेगी। साथ ही, बच्चों को सरल भाग करना सिखाया जायेगा।
  • - उन गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा जो बच्चों को अपरिचित शब्दों को धाराप्रवाह रूप से पढ़ने, गलतियों के बिना लिखने और स्थानीय मान की स्पष्ट समझ के साथ गुणा और भाग से जुड़े हाई आर्डर गणितीय सवालों को समझने और हल करने में मदद करेंगे।
  • - एससीईआरटी, शिक्षा निदेशालय और एमसीडी अधिकारियों के नेतृत्व में एक नोडल टीम बच्चों की प्रगति की बारीकी से मानिटरिंग करने व उचित लर्निंग मटेरियल उपलब्ध कराने की तैयारी में है। शिक्षा निदेशालय व एमसीडी के स्कूलों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, मेंटर टीचर व मिशन बुनियाद को-आर्डीनेटरों के लिए ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात छात्रों का बेसलाइन असेसमेंट किया जायेगा। इसके आधार पर लर्निंग दी जाएगी और उनकी प्रगति जानने के लिए लगातार असेसमेंट किया जायेगा। गर्मियों की छुट्टियों में समर कैंप और अभिभावकों के लिए स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन किया जायेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।