दिल्ली के इस्कॉन मंदिर ने बनाया रिकॉर्ड, लॉकडाउन में 24 घंटे में पांच लाख लोगों को खिलाया खाना
इस्कॉन मंदिर द्वारका की किचन के नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड का नेशनल रिकॉर्ड दर्ज हो गया। यहां से हर रोज दिल्ली के अलग अलग 270 क्षेत्रों में खाना पहुंचाया जाता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। लॉकडाउन के दौरान इस्कॉन मंदिर द्वारका ने 24 घंटे में 5 लाख लोगों को खाना खिलाने का रिकॉर्ड कायम करके इतिहास रच दिया। इसके लिए इस्कॉन मंदिर द्वारका की किचन के नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड का नेशनल रिकॉर्ड दर्ज हो गया। हर रोज दिल्ली के अलग अलग 270 क्षेत्रों में खाना पहुंचाया जाता है। पांच हजार लोगों को खाना खिलाने की शुरूआत के सात आज आज इस्कॉन की किचन से पांच लाख लोगों को खाना खिलाया जा रहा है।
तुगलकाबाद विस क्षेत्र में 24 हजार लोगों को कराया जा रहा भोजन
वहीं, लॉकडाउन के दौरान दिल्ली में कोई जरूरतमंद भूखा न रहे। इसके लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सरकार ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए नियमित रूप से सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। तुगलकाबाद से आम आदमी पार्टी के विधायक सहीराम पहलवान ने बृहस्पतिवार को दैनिक जागरण से बातचीत में यह बातें कहीं।
उन्होंने बताया कि तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र में 10 स्थानों पर 24 हजार लोगों को सुबह शाम का भोजन कराया जा रहा है। हजारों जरूरतमंदों लोगों को सूखा राशन बांटा जा रहा है। पूरे इलाके में एक-एक गली को सैनिटाइज करा दिया गया है। यह सिलसिला लगातार जारी है। विधायक सहीराम पहलवान ने बताया कि कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं, बल्कि जागरूक और सर्तकता की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि लोग शारीरिक दूरी का अनिवार्य रूप से पालन करें और परिचितों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों की मदद करने के लिए स्वयंसेवी संस्थाएं व काफी संख्या में क्षेत्रवासी आगे आ रहे हैं। कोरोना वायरस से बचाव के लिए मुनादी कराकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। खाने व जरूरी सामाने के लिए लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। अगर किसी क्षेत्रवासी की कोई समस्या है तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।