विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi: आश्रम फ्लाईओवर से हाइट बैरिकेड गायब, प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से दौड़ रहे भारी वाहन

By Rajneesh kumar pandeyEdited By: Shyamji Tiwari
Published: Thu, 30 Mar 2023 09:01 PM (IST)

आश्रम फ्लाईओवर पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए हाइट बैरिकेड लगाए गए थे। लेकिन अब ये अपनी ...और पढ़ें

आश्रम फ्लाईओवर से हाइट बैरिकेड गायब, प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से दौड़ रहे भारी वाहन
आश्रम फ्लाईओवर से हाइट बैरिकेड गायब, प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से दौड़ रहे भारी वाहन

दक्षिणी दिल्ली, जागरण संवाददाता। आश्रम फ्लाईओवर पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए हाइट बैरिकेड लगाए गए थे। ये बैरिकेड डीएनडी, नोएडा से सराय काले खां की ओर जाने वाले मार्ग पर आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन के शुरुआत में और लाजपत नगर की ओर से डीएनडी, नोएडा व सराय काले खां जाने वाले मार्ग पर आश्रम फ्लाईओवर के शुरुआत लगाए गए थे, लेकिन अब ये अपनी जगह से गायब हैं।

धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं भारी वाहन

इसके चलते फ्लाईओवर पर धड़ल्ले से भारी वाहन दौड़ रहे हैं। फ्लाईओवर के ऊपर से होकर बिजली की हाइटेंशन लाइनें गुजर रही हैं, जिससे ज्यादा ऊंचाई वाले वाहनों के फ्लाईओवर पर चढ़ने से भयंकर दुर्घटना होने का डर बना हुआ है। फिलहाल बृहस्पतिवार को नोएडा डीएनडी की ओर से आश्रम आने वाले वाहनों को फ्लाईओवर पर चढ़ने से रोकने के लिए यातायात पुलिस और पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

दरअसल, आश्रम फ्लाईओवर पर भारी वाहनों के प्रवेश की इजाजत नहीं है। चूंकि नोएडा डीएनडी की ओर से आश्रम आने के दौरान आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन पर चढ़ते ही शुरुआत में बिजली की हाईटेंशन लाइन गुजरती है, जिसके चलते फ्लाईओवर पर अभी केवल हल्के वाहनों के गुजरने की ही अनुमति है और ढाई मीटर से अधिक ऊंचाई वाले वाहनों को फ्लाईओवर पर जाने की अनुमति नहीं है।

वाहन चालक नियमों की कर रहे अनदेखी

लोक निर्माण विभाग द्वारा हाईटेंशन लाइन हटाने के बाद ही फ्लाईओवर को बड़े वाहनों के लिए खोला जाना है, लेकिन भारी वाहन चालकों द्वारा इन नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। इन भारी वाहन चालकों के वाहन फ्लाईओवर से होकर गुजरने के चक्कर में कई बार हाइट बैरिकेड में फंस जाते हैं और बैरिकेड को तोड़ देते हैं। फिलहाल यातायात पुलिस और पीडब्ल्यूडी की ओर से इन भारी वाहन चालकों को मैनुअली रोकने के लिए कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

आश्रम फ्लाईओवर तक लग जाता है जाम

बिजली के तारों की यही लाइन फ्लाईओवर की सराय काले खां की ओर से आश्रम की ओर जाने वाली मार्ग के ऊपर से भी गुजरती है। जिसके चलते इस लेन को अभी यातायात के लिए शुरू नहीं किया गया है। इस भाग में सराय काले खां की ओर से आश्रम जाने वाले भाग पर ही अधिक जाम लगता है, क्योंकि फ्लाईओवर के पास सराय काले खां की ओर से आ रहे यातायात में नोएडा की ओर से आ रहा यातायात भी मिलता है। इससे वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। जिसके चलते आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन के नीचे से लेकर आश्रम फ्लाईओवर तक जाम लग जाता है।

12 महीनों का काम 35 महीनों में भी नहीं पूरा करवा सकी पीडब्ल्यूडी

आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन के निर्माण के लिए जून 2020 में लोक निर्माण विभाग ने एक प्राइवेट कंपनी को काम सौंपा था। निर्माण कार्य करीब 12 महीनों में पूरा होना था, लेकिन जून 2021 में काम पूरा नहीं हो सका। उसके बाद कुछ और तारीखों के बाद 28 फरवरी 2023 की तय की गई और फिर छह मार्च को फ्लाईओवर को छह मार्च से हल्के वाहनों के लिए शुरू कर दिया गया। लेकिन पीडब्ल्यूडी द्वारा अभी भी हाइटेंशन लाइन को हटाने का काम पूरा नहीं किया जा सका है।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का पक्ष

इस पूरे मामले में लोक निर्माण विभाग का पक्ष लेने के लिए अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार को कई बार काल व मैसेज किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

यातायात पुलिस का पक्ष

यातायात पुलिस अधिकारी ने बताया कि भारी वाहनों को रोकने के लिए लगाए गए हाइट बैरिकेड्स को अराजक तत्वों द्वारा रात के समय में तोड़ दिया जाता है। इस पर लगाम कसने के लिए एक क्यूआरटी टीम की तैनाती फ्लाईओवर के आसपास की जा रही है। यह क्यूआरटी टीम रात के समय भी इन आराजक तत्वों पर निगरानी बनाए रखेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।