Move to Jagran APP

MCD Election 2022: चुनाव आयोग ने किया EVM का निरीक्षण, जल्द घोषित हो सकती है नगर निगम चुनाव की तारीख

Delhi Nagar Nigam chunav 2022 दिल्ली नगर निगम (Municipal Corporation of Delhi) के पूर्व मुख्यालय रहे टाउन हाल में ईवीएम मशीनों की जांच के साथ-साथ टेस्टिंग का कार्य आगामी 4 दिनों तक जारी रहने का अनुमान है।

By Nihal SinghEdited By: JP YadavPublished: Sat, 24 Sep 2022 01:41 PM (IST)Updated: Sat, 24 Sep 2022 04:23 PM (IST)
दिल्ली में निगम चुनाव 2022 की तैयारी जारी है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में निगम चुनाव 2022 की तारीख को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हुई है, लेकिन जैसे-जैसे घटनाक्रम बढ़ रहे हैं उससे आने वाले महीनों में निगम चुनाव की संभावना जताई जा रही है। ताजा घटनाक्रम में निगम के पूर्व मुख्यालय रहे टाउन हाल में शुक्रवार को राज्य चुनाव आयोग की टीम ने यहां सुरक्षित रखी गई ईवीएम का निरीक्षण किया।

loksabha election banner

24 घंटे हो रही निगरानी

मशीनों की जांच और टेस्टिंग का कार्य आने वाले तीन-चार दिन तक जारी रहने की संभावना है। इससे माना जा रहा है कि निकट समय में कभी भी निगम चुनाव की घोषणा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक टाउन हाल में कई कमरों में ईवीएम रखी हुई हैं। इसलिए यहा पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। ये 24 घंटे इन कमरों की निगरानी करते हैं।

जनता ने मांग सुझाव और आपत्तियां

बता दें कि बीते सप्ताह वार्ड परिसीमन के लिए बनी कमेटी ने इसका ड्राफ्ट भी सार्वजनिक कर दिया था। इस पर तीन अक्टूबर तक जनता से सुझाव और आपत्तियां मांगी जा रही है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद परिसीमन कर रही समिति ड्राफ्ट को अंतिम रूप देकर केंद्र सरकार को भेज देगी।

प्रक्रिया पूरी होती ही होगा चुनाव का ऐलान

इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय इस ड्राफ्ट को अधिसूचित कर देगा। इसके अधिसूचित होते ही राज्य चुनाव आयोग वार्डों के आरक्षण की सूची को सार्वजनिक करेगा, जिसमें महिला वार्ड, सामान्य वार्ड और अनुसूचित जाति के वार्ड के आरक्षण की जानकारी होगी। इस प्रक्रिया के पूरा होते ही चुनाव की घोषणा की जा सकती है।

दिसंबर तक हो सकते हैं चुनाव

दिल्ली नगर निगम के पूर्व मुख्य विधि अधिकारी अनिल गुप्ता का कहना है कि अक्सर वार्डों का परिसीमन करने में आठ से दस माह का समय लगता है, लेकिन केंद्र सरकार ने परिसीमन को पूरा करने की समय-सीमा चार माह तय कर दी थी। इससे माना जा सकता है कि जल्द ही दिल्ली निगम चुनाव हो सकते हैं। कोई बड़ी बात नहीं है कि दिसंबर में चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाए।

समिति तय समय में पूरा करेगी कार्य

केंद्र सरकार के आदेश के तहत आठ जुलाई को वार्ड परिसीमन के लिए गठित समिति को 9 नंवबर तक यह कार्य पूरा करना है। माना जा रहा है कि समिति जिस गति से कार्य कर रही है वह अपनी तय समय-सीमा से पूर्व सारी गतिविधियों को पूरा कर लेगी। टाउन हाल में निरीक्षण पर राज्य चुनाव आयोग से स्थिति स्पष्ट करने को लेकर जवाब मांगा गया, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिल पाया।

फरवरी में कर ली थी चुनाव की तैयारी

पूर्वकालिक तीनों निगम (उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी) के चुनाव के लिए राज्य चुनाव आयोग ने फरवरी में ही चुनाव की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके लिए सभी जिलो में पर्यवेक्षक तक नियुक्त कर दिए थे। चुनाव कराने के लिए बिहार के 12 जिलों से 30 हजार ईवीएम मंगाई गई थीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.