यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केजरीवाल के सामने भाजपा ने चला बड़ा दांव! कद्दावर और हिंदूवादी चेहरे को उतारने की तैयारी
Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली सीट से एक कद्दावर ...और पढ़ें

HighLights
- अरविंद केजरीवाल के सामने प्रवेश वर्मा हो सकते हैं उम्मीदवार।
- दक्षिणी दिल्ली से रमेश विधूड़ी भी लड़ सकते हैं चुनाव।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। Delhi Election 2025: अगले दो-तीन महीने में दिल्ली में विधानसभा का चुनाव होना है। ऐसे में राजधानी की सबसे हॉट सीटों में से एक सबकी नजर 'नई दिल्ली सीट' पर टिकी हुई है। यहां से दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ते हैं।
ऐसे में इस बार भाजपा उन्हें कड़ी टक्कर देने की तैयारी कर रही है। इन्हीं तैयारियों के बीच बीजेपी सूत्रों से जो खबर आ रही है कि पार्टी इस बार केजरीवाल के सामने एक कद्दावर और हिंदूवादी चेहरे को उतारने की तैयारी में है। यह पूर्व में विधायक और लोकसभा सांसद भी रहे हैं। इनके पिता राजधानी दिल्ली के पूर्व सीएम रहे हैं।
प्रवेश वर्मा हो सकते हैं बीजेपी के उम्मीदवार
पश्चिमी दिल्ली से दो बार सांसद रहे प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) विस चुनाव में नई दिल्ली क्षेत्र से केजरीवाल को चुनौती दे सकते हैं। नई दिल्ली विस क्षेत्र में उनकी सक्रियता से ऐसे संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को भाजपा नई दिल्ली से केजरीवाल के सामने चुनाव मैदान में उतार सकती है।
वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ बैठक और संवाद शुरू किया है। बीते कुछ दिनों में वो ऐसे चार-पांच कार्यक्रम कर चुके हैं। वर्मा पांचवीं विधानसभा में भी महरौली से विधायक चुने गए थे, लेकिन 2014 में भाजपा ने उन्हें पश्चिमी दिल्ली से लोकसभा प्रत्याशी बनाया था और वह जीते थे।
2024 में भाजपा ने लोकसभा चुनाव का काटा था टिकट
2019 में भी वह इसी सीट से सांसद निर्वाचित हुए थे। परवेश वर्मा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। साहिब सिंह इससे पूर्व साहब सिंह 1996 से 1998 तक दिल्ली प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। 2024 के लोस चुनाव में भाजपा ने यहां से टिकट बदलकर कमलजीत सहरावत को दे दिया था। इस चुनाव में दिल्ली के सात में से छह लोस प्रत्याशी भाजपा ने बदले थे।
सिर्फ मनोज तिवारी को ही तीसरी बार प्रत्याशी बनाया था, तभी से कयास लग रहे थे कि इन पूर्व सांसदों को भाजपा आगामी विस चुनाव में उतार सकती है। माना जा रहा है कि दक्षिणी दिल्ली से सांसद रहे रमेश बिधूड़ी को भी पार्टी विस चुनाव ( Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025) लड़ाएगी। वैसे नई दिल्ली क्षेत्र में आदेश गुप्ता भी काफी सक्रिय हैं।
