विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Crime News:घरेलू विवाद में युवक ने बच्चों के सामने पत्नी को जिंदा जलाया, हालत गंभीर

By Pradeep ChauhanEdited By:
Published: Tue, 02 Nov 2021 08:15 PM (IST)Updated: Tue, 02 Nov 2021 08:35 PM (IST)

Delhi Crime News कालिंदीकुंज थाना क्षेत्र के मदनपुर खादर इलाके में घरेलू विवाद के दौरान हुए झगड़े में गुस्साए युवक ...और पढ़ें

पुलिस ने आरोपित आरिफ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित आरिफ को गिरफ्तार कर लिया।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कालिंदीकुंज थाना क्षेत्र के मदनपुर खादर इलाके में घरेलू विवाद के दौरान हुए झगड़े में गुस्साए युवक ने बच्चों के सामने ही ज्वलनशील पदार्थ डालकर पत्नी को जला दिया। पीडि़ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची कालिंदीकुंज थाना पुलिस ने पीडि़ता का बयान लेकर मामले में हत्या का प्रयास की धारा में केस दर्ज कर आरोपित आरिफ को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय रुखसाना पति आरिफ के साथ मदनपुर खादर इलाके में रहती है। दोनों के दो बच्चे हैं। रुखसाना का मायका गाजियाबाद में है और आरिफ से उसकी शादी सात साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही आरिफ और रुखसाना के बीच झगड़ा होता रहता था, क्योंकि आरिफ को शराब पीने की आदत है और उसके स्वजन दहेज के लिए रुखसाना को परेशान करते थे। ऐसे में रुखसाना से आरिफ अक्सर मारपीट करता था। रविवार शाम को भी आरिफ शराब पीकर आया था और दोनों के बीच शराब पीने को लेकर झगड़ा हुआ था।

झगड़े के दौरान आरिफ ने रुखसाना को जमकर पीटा और फिर घर में रखे ज्वलनशील पदार्थ को रुखसाना के ऊपर डाल दिया और उसे आग लगा दी। वारदात के दौरान कमरे में दोनों बच्चे मौजूद थे। मां को लपटों में घिरा देख बच्चे दहशत में आ गए और चिल्लाने लगे। बच्चों की चीख सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया।

आग पर काबू पाने के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला के बयान पर पुलिस ने हत्या का प्रयास और अन्य कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित आरिफ को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले में आरिफ के स्वजन की भूमिका खंगाल रही है, क्योंकि रुखसाना ने आरिफ के स्वजन पर दहेज मांगने और मारपीट में आरिफ का सहयोग करने के आरोप लगाए हैं।