यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Crime: लड़की से बात करने को लेकर हुआ था विवाद, चाकूबाजी तक पहुंची नौबत; हत्या मामले में 5 गिरफ्तार
अंबेडकर नगर थाना इलाके में लड़की से बात करने को लेकर हुए विवाद में हत्या के मामले में पुलिस ने ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। अंबेडकर नगर थाना इलाके में लड़की से बात करने को लेकर हुए विवाद में हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग समेत पांच आरोपितों को पकड़ा है। आरोपितों की पहचान कृष्णा पार्क के अक्षय, देवली के राहुल और तीन नाबालिगों के रूप में हुई है।
मृतक की पहचान राहुल उर्फ खटारा (18) के रूप में हुई थी। पुलिस मामले में आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10.07 बजे अंबेडकर नगर थाना पुलिस को सूचना मिली। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि तीन युवकों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चारों तरफ खून फैला हुआ है और युवक अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा हुआ था। पुलिस उसे लेकर तुरंत अस्पताल गई, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई। वह दक्षिणपुरी इलाके में परिवार के साथ रहता था। पुलिस ने मामले में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
छानबीन के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपितों के प्रवेश व निकास मार्गों का अनुसरण किया। इस दौरान पुलिस ने फुटेज में दिख रहे पांच में से दो आरोपितों की पहचान कर ली। स्थानीय सूत्रों और तकनीकि विशेषज्ञों की टीम की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपितों के ठिकाने का पता लगाया। इसके बाद छापा मारकर राहुल और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस अन्य तीनों आरोपितों को भी पकड़ लिया।
आरोपितों ने बताया कि लड़की की एक आरोपित से पहले दोस्ती थी। इसके बाद वह राहुल से बात करने लगी। इसी बीच राहुल को पता चला कि वह लड़की और आरोपित फिर से एक दूसरे से बात करने लगे हैं। इस पर राहुल ने लड़की को अंकित से बात करने के लिए मना किया। इसी बात से नाराज अंकित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी।