विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 21, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केजरीवाल ने ED के समन का जवाब भेजा, बोले- यह राजनीति से प्रेरित, मेरे पास छिपाने को कुछ नहीं

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Tiwari
Published: Thu, 21 Dec 2023 09:52 AM (IST)Updated: Thu, 21 Dec 2023 09:54 AM (IST)

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal आज गुरुवार को ईडी के सामने पेश नहीं ...और पढ़ें

केजरीवाल ने ED के समन का जवाब भेजा
केजरीवाल ने ED के समन का जवाब भेजा

HighLights

  1. मैं हर कानूनी समन मानने को तैयार - केजरीवाल
  2. ED का ये समन भी पिछले समन की तरह गैर कानूनी : केजरीवाल
  3. समन वापिस लिया जाये : केजरीवाल
  4. आज ईडी के सामने पेश नहीं होंगे केजरीवाल, पंजाब में करेंगे विपश्यना

जागरण टीम, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए आज गुरुवार (21 दिसंबर) को ईडी के समक्ष पेश नहीं होंगे। उन्होंने ईडी के समन का जवाब भेजकर कहा कि मैं हर कानूनी समन मानने को तैयार हूं, लेकिन यह पिछले समन की तरह गैर कानूनी है।

समन वापिस लिया जाये : केजरीवाल

ईडी का समन राजनीति से प्रेरित है। पिछले की तरह ये समन भी गैर कानूनी है। इसलिए समन वापिस लिया जाये। मैंने अपना जीवन ईमानदारी और पारदर्शिता से जिया है। मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है।

आज ED के सामने पेश नहीं होंगे केजरीवाल

वह बुधवार को 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान पाठ्यक्रम के लिए अज्ञात स्थान पर चले गए। अधिकारियों ने बताया कि केजरीवाल को मंगलवार को विपश्यना पाठ्यक्रम के लिए रवाना होना था, लेकिन आइएनडीआइए की बैठक के कारण वह ऐसा नहीं कर सके।

वह पूर्व निर्धारित ध्यान पाठ्यक्रम के लिए बुधवार दोपहर करीब 1.30 बजे निकल गए। इधर, पार्टी के वकील ईडी के नोटिस का अध्ययन कर रहे हैं और वे उपयुक्त जवाब देंगे। दिल्ली के अधिकारी भले ही अज्ञात स्थान पर जाने की बात कर रहे हों, लेकिन यह पुष्ट है कि केजरीवाल बुधवार को पंजाब के होशियारपुर से 12 किमी दूर गांव आनंदगढ़ स्थित विपश्यना मेडिटेशन सेंटर में साधना के लिए पहुंच गए।

केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ दिल्ली से चार्टर्ड विमान से शाम लगभग चार बजे जालंधर स्थित आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से दोनों नेता हेलीकाप्टर से विपश्यना मेडिटेशन सेंटर के निकट स्थित चौहाल के लिए रवाना हुए। मान चौहाल में ही रुक गए जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे, जबकि केजरीवाल विपश्यना सेंटर में पहुंच गए। वहां वह दस दिन तक रहेंगे।

विपश्यना सेंटर के इर्द-गिर्द 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

इस दौरान किसी से नहीं मिलेंगे। पहाड़ियों की गोद में बसे विपश्यना सेंटर के इर्द-गिर्द सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखेंगे। बैरिकेड लगा दिया गया है। गांव के लोगों के पहचान पत्र देखकर आने-जाने की व्यवस्था की गई है।

गांव के सरपंच रावल सिंह ने बताया कि उन्हें मंगलवार को ही केजरीवाल के आने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने मजदूरों को बुलाकर मेडिटेशन सेंटर के आसपास सफाई कराई। मालूम हो कि ईडी ने सोमवार को केजरीवाल को पूछताछ के लिए नया समन जारी किया था।

इससे पहले दो नवंबर को तलब किया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए थे। उस समय केजरीवाल ने दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार के चलते ईडी के सामने पेश होने में असमर्थता जताई थी। इसी मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह जेल में हैं।