दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा- योग से बनेगा स्वस्थ भारत का संयोग
मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोगों को योग दिवस और योग के प्रति जागरूक करें।
नई दिल्ली (जेएनएन)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के लिए भाजपा हर जिले में जागरूकता शिविर आयोजित करेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग 21 जून को योगाभ्यास करें। यह बात दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कही। मनोज तिवारी लोधी गार्डन में भाजपा के नई दिल्ली जिले की ओर से आयोजित योग शिविर में योगाभ्यास करने पहुंचे थे।
इस अवसर पर तिवारी ने कहा कि अगर संपूर्ण देश का हर व्यक्ति योग को अपनाए तो उसे बीमारियों से मुक्ति मिलेगी। जब वह बीमारियों से मुक्त होगा तो उसका शरीर स्वस्थ होगा और हर व्यक्ति स्वस्थ होगा तो स्वस्थ भारत का संयोग बनेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ भारत का सपना साकार होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोगों को योग दिवस और योग के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में योग शिक्षक मानसी गुलाटी ने लोगों को योग अभ्यास कराया। नई दिल्ली जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा और अन्य लोग विशेष रूप से उपस्थित थे।