Delhi BJP News: आपत्ति लेकर परिसीमन ड्राफ्ट कमेटी से मिले भाजपा नेता
भाजपा नेताओं ने कहा कि कई वार्डों के गणना ब्लाक (ईबी) में कई कमियां हैं। कई स्थानों पर एक ही ब्लाक में अलग-अलग वार्ड दिखाए गए हैं। नियम के अनुसार गणना ब्लाक को दो वार्डों में विभाजित नहीं किया जा सकता है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। भाजपा को नगर निगम वार्ड परिसीमन कमेटी द्वारा जारी परिसीमन ड्राफ्ट की कई बिंदुओं पर आपत्ति है। प्रदेश भाजपा महामंत्री कुलजीत सिंह चहल और हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को ड्राफ्ट कमेटी से मिलकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि नरेला, माडल टाउन, चांदनी चौक सहित कई विधानसभा क्षेत्रों में वार्डों का बंटवारा जनसंख्या के अनुपात में नहीं हुआ है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कई वार्डों के गणना ब्लाक (ईबी) में कई कमियां हैं। कई स्थानों पर एक ही ब्लाक में अलग-अलग वार्ड दिखाए गए हैं। नियम के अनुसार गणना ब्लाक को दो वार्डों में विभाजित नहीं किया जा सकता है। इसी तरह से ड्राफ्ट में प्रस्तावित वार्ड में ईबी को शामिल नहीं किए जाने की भी शिकायत है। इस तरह की कमियों को दूर किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कई अधिकारियों को डरा धमकाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली सरकार के मंत्रियों और आप विधायकों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं जिससे जनता में रोष है। इससे आप नेताओं में बेचैनी है। उन्हें लग रहा है कि समय पर चुनाव हो गए तो आप की हार निश्चित है। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महापौर सुभाष आर्या और प्रदेश भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रभारी नीरज शामिल थे।