दिल्ली में छठ महापर्व को लेकर भाजपा कर रही है गंदी राजनीति: सोमनाथ भारती
आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया है कि छठ महापर्व मनाने में अड़चन पैदा कर भाजपा गंदी राजनीति कर रही है। आप के पूर्वांचल प्रकोष्ठ ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर उपराज्यपाल (एलजी) को भी कठघरे में खड़ा किया।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया है कि छठ महापर्व मनाने में अड़चन पैदा कर भाजपा गंदी राजनीति कर रही है। आप के पूर्वांचल प्रकोष्ठ ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर उपराज्यपाल (एलजी) को भी कठघरे में खड़ा किया। आप ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने पहले दिल्ली में छठ पूजा न हो इसके लिए उपराज्यपाल के जरिये आदेश जारी करवाया। अब दिल्ली में जहां-जहां डीडीए-नगर निगम की जमीन है, वहां पर पूजा न हो इसकी कोशिश कर रही है।
आप के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने दावा किया कि भाजपा के इशारे पर उपराज्यपाल पहले ही छठ की अनुमति नहीं देने का फैसला कर चुके थे। सीएम अर¨वद केजरीवाल ने पुरजोर तरीके से इसको उठाया तब दिल्ली में अनुमति देने के लिए वह तैयार हुए। भाजपा के बड़े-बड़े नेता कहने लगे हैं कि घाट नहीं बनने देंगे। रोहिणी में डीडीए की जमीन पर पूजा नहीं करने देने की सूचना मिल रही है। इसी तरह दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में डीडीए की जमीन पर छठ घाट के लिए खोदाई हो रही थी। वहां जिस जेसीबी मशीन से खोदाई की जा रही थी, उसे पुलिस ने थाने में बंद कर दिया है। द्वारका में नगर निगम की जमीन पर छठ पूजा हो रही थी, वहां पर महापौर ने जाकर कहा है कि पूजा नहीं होने देंगे, जबकि वहां पर 30 साल से पूजा हो रही थी।
दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज का त्योहार संपन्न होने के बाद दिल्ली में पूर्वाचलवासी सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों में जुट गए हैं। इसके साथ ही छठ पूजा समितियों ने पार्क, मंदिरों और खाली स्थानों पर अस्थाई घाट निर्माण करने में लगी हुई हैं। पिछले साल 1200 स्थानों पर बनाए गए छठ घाटों के लिए दिल्ली सरकार ने मदद उपलब्ध कराई थी। इस बार अभी तक 700 छठ घाट चिह्न्ति किए जा चुके हैं। इस बार यमुना के घाटों और दिल्ली से गुजर रही कोंडली नहर के किनारों पर भी छठ पर्व नहीं मनाया जा सकेगा।
बाजार में छठ सामग्री के लिए स्टाल बनाए जाने लगे हैं। रविवार से सभी स्टाल सजने लगेंगे। दिल्ली सरकार ने छठ पूजा पर एक दिन की सरकारी छुट्टी की घोषणा भी कर दी है। दिल्ली सरकार ने आप के विधायकों को छठ पूजा की तैयारी के लिए निर्देश दिए हैं। दिल्ली सरकार की तीर्थ यात्र विकास समिति के अध्यक्ष कमल बंसल ने कहा है कि सरकार की ओर से छठ घाटों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा चुकी है, रविवार से सुविधाएं उपलब्ध कराई जाने लगेंगी। इसके साथ ही सभी से कोरोना नियमों का पालन करने का भी अनुरोध किया जा रहा है।