भाजपा ने की सिविल डिफेंस वालेंटियर्स की वर्दी बदलने की मांग, लिखा एलजी अनिल बैजल को पत्र
भाजपा ने सिविल डिफेंस वालेंटियर्स की पृष्ठभूमि की जांच कराने और इनकी वर्दी बदलने की मांग की है। इसे लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उपराज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के खिलाफ लोग शिकायत कर रहे हैं।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। भाजपा ने सिविल डिफेंस वालेंटियर्स की पृष्ठभूमि की जांच कराने और इनकी वर्दी बदलने की मांग की है। इसे लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उपराज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि पुलिस की तरह वर्दी पहनने वाले सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के खिलाफ लोग शिकायत कर रहे हैं। जबरन वसूली के मामले सामने आ रहे हैं, जिसे रोकने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में दिल्ली सरकार ने हज़ारों सिविल डिफेंस वोलेंटियर्स की भर्ती की है। इन्हें पारिश्रमिक भी दिया जा रहा है। यह भी शिकायत है कि आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं की भर्ती की गई है। भर्ती की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है। इनकी चारित्रिक पृष्ठ भूमि और शैक्षणिक योग्यता की जांच नहीं की गई है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि पिछले लगभग एक वर्ष से कोरोना चालान की आड़ में लोगों से जबरन वसूली की शिकायतें बढ़ रही हैं। खाकी वर्दी का डर दिखाकर माल वाहक आटो, रिक्शा व ठेले वालों से जबरन वसूली की जा रही है। साथ ही कई अन्य आपराधिक मामलों में इनके शामिल होने की बात भी सामने आई है।
उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल को सिविल डिफेंस भर्ती प्रक्रिया की जांच करानी चाहिए। इसके साथ ही वालेंटियर्स की पुलिस द्वारा चारित्रिक जांच होनी चाहिए। लोगों को खाकी वर्दी का खौफ नहीं दिखा सकें इसके लिए इनकी वर्दी का रंग बदलने की जरूरत है। इनकी वजह से दिल्ली पुलिस की भी बदनामी हो रही है।