दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पंजाब दौरे पर भाजपा ने उठाए सवाल
आदेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना के तीसरे लहर की आशंका जताई जा रही है। इससे बचाव की तैयारी करने और टीकाकरण अभियान को सही तरह से आगे बढ़ाने की व्यवस्था करने की जगह मुख्यमंत्री गुजरात और पंजाब में अपनी पार्टी के विस्तार में लगे हुए हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सोमवार को पंजाब दौरे पर जा रहे हैं। भाजपा ने केजरीवाल के पंजाब दौरे पर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का कहना है कि सोमवार से टीकाकरण का महाअभियान चल रहा है। टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के बजाय मुख्यमंत्री राजनीतिक विस्तार में लगे हुए हैं।उन्होंने कहा कि टीकाकरण की जिम्मेदारी मिलने पर दिल्ली सरकार टीके की व्यवस्था नहीं कर सकी। सरकार की नाकामी से 45 वर्ष से कम आयु के लोगों का टीकाकरण नहीं हो रहा है। अब एक बार फिर से केंद्र सरकार ने टीकाकऱण अभियान को अपने हाथ में ले लिया है। लोगों को निशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए पिछले लगभग डेढ़ माह से दिल्ली सरकार व आम आदमी पार्टी (आप) के नेता टीकाकरण को लेकर भ्रम फैला रहे थे। अब केंद्र सरकार के सहयोग से टीकाकरण की शुरुआत हो रही है तो दिल्ली सरकार इसे लेकर लापरवाह है। भाजपा ने कहा कि दिल्ली सरकार को इस तरह से तैयारी करनी पड़े की किसी को भी टीका लगवाने के लिए निजी अस्पताल में नहीं जाना पड़े। इसके लिए पर्याप्त संख्या में टीकाकऱण केंद्र खोले जाने की जरूरत है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना के तीसरे लहर की आशंका जताई जा रही है। इससे बचाव की तैयारी करने और टीकाकरण अभियान को सही तरह से आगे बढ़ाने की व्यवस्था करने की जगह मुख्यमंत्री गुजरात और पंजाब में अपनी पार्टी के विस्तार में लगे हुए हैं। इससे पता चलता है कि वह कोरोना से लड़ाई को लेकर गंभीर नहीं हैं।