यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi: 28 अप्रैल से मरम्मत कार्यों के चलते बंद होगा बारापुला नाला ब्रिज, वैकल्पिक मार्गों के लिए एडवाइजरी जारी
बारापुला नाला ब्रिज के एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने व अन्य मरम्मत कार्यों के चलते इसे 28 अप्रैल से अगले 20 दिनों ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। बारापुला नाला ब्रिज के एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने व अन्य मरम्मत कार्यों के चलते इसे 28 अप्रैल से अगले 20 दिनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। इसकी जानकारी दिल्ली यातायात पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर साझा की।
28 अप्रैल से ब्रिज पर निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग का मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों को अपनाने और मौके पर मौजूद यातायात पुलिस कर्मचारियों के निर्देशों के पालन की सलाह दी है।
जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार, नीला गुंबद से निक्कू चौक या राजदूत लाल बत्ती होकर हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को होटल प्रीत पैलेस के पास वाले बायें मोड़ से मुड़कर विपरीत कैरिजवे से होकर जाने की सलाह दी गई है।
वहीं, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से नीला गुंबद की ओर जाने वाले यात्रियों को नाले पर निजामुद्दीन पुलिस चौकी के पास लाल बत्ती से दाएं मुड़कर पहले मथुरा रोड टी-प्वाइंट जाने, फिर सर्विस रोड में नीले गुंबद की ओर दाएं मुड़ने और फिर लाल बत्ती से नीला गुंबद की ओर मथुरा रोड का मुख्य मार्ग लेने की सलाह दी गई है।
रिपोर्ट इनपुट- रजनीश कुमार पाण्डेय