यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Crime News: अमर कालोनी में बीच चौराहे पर आटो चालक की गोली मारकर हत्या, वारदात सीसीटीवी में कैद
Delhi Crime News जमरूदपुर रेड लाइट पर सवारी का इंतजार कर रहे आटो चालक युवक को बदमाशों ने गोली मार ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Crime News: अमर कालोनी थाना क्षेत्र के जमरूदपुर रेड लाइट पर सवारी का इंतजार कर रहे आटो चालक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। पूरी घटना आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। मृतक युवक की पहचान हरिनगर आश्रम के रहने वाले राहुल के रूप में की गई है। घटना रविवार रात करीब 10:40 बजे की है। बाइक सवार दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हरि नगर आश्रम में राहुल अपने परिवार के साथ रहता था। परिवार में दो बहने और माता पिता है। युवक अपने परिवार का अकेला कमाने वाला था। वह आटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार की रात करीब 10 बजे वह नेहरू प्लेस से मूलचंद की तरफ जा रहा था। इस दौरान वह अपने किसी साथी से मिलने के लिए जमरूदपुर रेड लाइट पर रुक गया।
इसी दौरान बाइक से आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उसके सीने और पेट में दो गोलियां मारी और फरार हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के अनुसार युवक की किसी से भी रंजिश नहीं थी ऐसे में हत्या का उद्देश्य क्या था यह साफ नहीं हो पाया है।
