विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Pollution: दिल्ली में एयर इंडेक्स 300 के पार, 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंची हवा; कई इलाकों में छाई धुंध की चादर

Published: Mon, 21 Oct 2024 09:13 AM (IST)

दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। सोमवार को राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने से हवा ...और पढ़ें

नोएडा सेक्टर 16 में छाई धुंध । फोटो- जागरण
नोएडा सेक्टर 16 में छाई धुंध । फोटो- जागरण

HighLights

  1. सुबह के वक्त 307 पहुंच गया एयर इंडेक्स
  2. 23 जगहों पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। इस वजह से सोमवार सुबह एयर इंडेक्स 300 के पार हो गया। लिहाजा दिल्ली में हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

ऐसे में दिल्ली की आबोहवा सेहत प्रतिकूल बनी हुई है और लोगों को बिमार बना सकती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के रियल टाइम एयर क्वालिटी इंडेक्स रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में सोमवार सुबह एयर इंडेक्स 307 पहुंच गया है।‌ इस वजह से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही।

स्थान AQI
दिल्ली 307
नोएडा 229
ग्रेटर नोएडा 218
गाजियाबाद 200

गुरुग्राम

217

रविवार को खराब श्रेणी में था एयर इंडेक्स

रविवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स खराब श्रेणी में 277 था। इसकी तुलना में एयर इंडेक्स में 30 अंको की बढ़ोतरी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार अगले तीन दिनों तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में निचले स्तर पर बरकरार रह सकती है।

रविवार को ऐसा था अक्षर धाम का नजारा। फोटो- ANI

दिल्ली के 12 इलाके रेड जोन में

दिल्ली के 12 इलाकों का एक्यूआई 300 से ज्यादा यानी 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया। इसमें वजीरपुर, आनंद विहार, जहांगीरपुरी, मुंडका और रोहिणी जैसे इलाके शामिल हैं। आनंद विहार का एक्यूआई सबसे ज्यादा 359 रहा।

आप की वजह से वायु प्रदूषण झेल रहे हैं दिल्लीवासी: भाजपा

दिल्ली भाजपा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली वासी वायु प्रदूषण से लेकर जल प्रदूषण की जो मार झेल रहे हैं उसके लिए आप सरकार जिममेदार है। दस साल के शासन में आप सोती रही और अब चुनाव के ठीक पहले दिल्ली पर दोहरे प्रदूषण की मार से हार की संभावनाओं से इतनी विचलित है की दिल्ली की भौगोलिक स्थिती को नजरंदाज कर थोथी बयानबाजी कर रहे हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के एक कोने पर हरियाणा का पल्ला गांव पड़ता है जहां से स्वच्छ यमुना दिल्ली में प्रवेश करती है और दूसरे दक्षिण कोने पर उत्तर प्रदेश पड़ता है जहां से गंदी मैली यमुना उत्तर प्रदेश में निकास करती है। ऐसे में दिल्ली सरकार को बताना चाहिए कि वह किस आधार पर कह रहे हैं कि हरियाणा व उत्तरप्रदेश जो औद्योगिक कचरा यमुना को प्रदूषित कर रहा है। जबकि वहां से कोई नाला दिल्ली के यमुना प्रवाह क्षेत्र में पड़ता ही नहीं है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पराली प्रदूषण पर अपनी पार्टी की पंजाब सरकार का बचाव करते करते दिल्ली के आपनेता दिल्ली वालों के दुश्मन बन बैठे हैं। अभी 2021 तक अरविंद केजरीवाल से गोपाल राय पंजाब के पराली प्रदूषण को दिल्ली को गैस चैंबर बनाने का दोष देते नही थकते थे पर अब आप दिल्ली में वायु प्रदूषण का भी दोष उत्तर प्रदेश, हरियाणा एवं राजस्थान पर थोप रहे हैं।

हवा में भारी धातुओं की मौजूदगी पर एनजीटी ने मांगा जवाब

पूर्वी दिल्ली समेत पंजाब के विभिन्न जिलों में हवा में भारी धातुओं की मौजूदगी पर एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर का स्वत: संज्ञान लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने जवाब मांगा है।

एनजीटी के चेयरमैन न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली पीठ ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पूर्वी दिल्ली जिलाधिकारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। एनजीटी ने मामले में छह फरवरी को होने वाली अगली सुनवाई से एक सप्ताह पहले जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।