यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi News: सीवर मैनहोल में दो लोगों की मौत के मामले में DDA ने गठित की समिति, LG के निर्देश पर होगी जांच
Delhi News एक डीडीए सुरक्षा गार्ड अशोक गुलिया उसकी मदद के लिए भी दौड़ा लेकिन सफल नहीं हो पाया। वह ...और पढ़ें

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। नौ सितंबर को बक्करवाला स्थित राजमार्ग अपार्टमेंट के सीवर मैनहोल में दो लोगों की मौत के मामले में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने एक समिति गठित की है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर गठित की गई यह समिति मामले की जांच करेगी। समिति को अधिकारियों/ठेकेदारों या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से दुर्घटना, चूक, यदि कोई हो, पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जाने वाले उपचारात्मक उपाय साझा करने को कहा गया है।
पीड़ितों को नियमानुसार अनुग्रह राशि भी प्रदान की जा रही है।इस बीच दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच के लिए प्राथमिकी भी दर्ज कर ली है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार रोहित नाम का एक व्यक्ति डीडीए के बिना किसी निर्देश/सूचना के सीवर मैनहोल में घुस गया। इससे उसकी मौत हो गई।
एक डीडीए सुरक्षा गार्ड अशोक गुलिया उसकी मदद के लिए भी दौड़ा लेकिन सफल नहीं हो पाया। वह स्वयं भी सीवर मैनहोल में गिर गया और मौत का शिकार हो गया। डीडीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि डीडीए सीवर लाइनों की मैनुअल सफाई नहीं करता। जरूरत पड़ने पर यह कार्य करने के लिए मशीनों की मदद ली जाती है।
सफाई कर्मियों की मौत पर हाईकोर्ट के संज्ञान का कांग्रेस ने किया स्वागत
इस मामले में हाईकोर्ट द्वारा संज्ञान लेने पर कांग्रेस ने आभार जताया है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डा नरेश कुमार ने एक बयान जारी कर कहा कि इससे उन दोनों के गरीब परिवारों का कुछ भला होने की उम्मीद जगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री दूसरे राज्यों में जाकर इस प्रकार के हादसों में जान गंवाने वालों को एक-एक करोड़ का मुआवजा देकर वाहवाही बटोर रहे हैं, लेकिन जहां वह सत्ता में हैं, उन्हें वहां के लोगों की कोई सुध नहीं हैं।
डा. कुमार ने कहा कि उस हादसे के कई दिन बाद भी ना तो मुख्यमंत्री कार्यालय, ना दिल्ली सरकार का कोई नुमाइंदा ही पीड़ित परिवारो से मिलने आया है जो साबित करता है कि राजा के लिए गरीब प्रजा की जान की कोई कीमत नहीं हैं। उन्होंने इस मौके पर क्षेत्रीय सांसद को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने दिल्ली सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।
