जानें देश की किस नगर निगम ने क्रिकेटर सुरेश रैना को बनाया 'स्वच्छता एंबेसडर'
स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में जन सहयोग बढ़ाने के लिए भी लोगों को सुरेश रैना प्रेरित करेंगे।
गाजियाबाद (जेएनएन)। क्रिकेटर सुरेश रैना गाजियाबाद नगर निगम के स्वच्छता एंबेसडर बन गए हैं। वह शहर के लोगों के बीच पहुंच कर स्वच्छता की अलख जगाएंगे। स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में जन सहयोग बढ़ाने के लिए भी लोगों को सुरेश रैना प्रेरित करेंगे।
पिछले साल 434 शहरों की स्वच्छता परखी गई थी। उसमें गाजियाबाद 351वें पायदान पर था। दो हजार में से मात्र 671.82 अंक मिले थे। इस साल से स्वच्छता की कसौटी पर खरा उतरना मुश्किल हो गया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में शामिल होने वाले शहरों की संख्या बढ़ कर 4041 हो गई है।
यही नहीं मूल्यांकन अब 4000 अंकों में से होगा। नगर निगम अधिकारी इस बार सर्वेक्षण में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते। यही वजह है कि वह रैंकिंग में उछाल के लिए निगम ने कई प्रयास किए हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य शुरू किया है।
डलावघरों को खत्म करने के लिए रिफ्यूज कॉम्पैक्टर खरीदे गए हैं। जिससे कूड़ा सीधे डंपिंग ग्राउंड पहुंचाया जा सके। इन्हीं प्रयासों में एक नया अध्याय जोड़ने के लिए भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना को नगर निगम के साथ जोड़ा है। हालांकि, सुरेश रैना भारत सरकार की ओर से स्वच्छ भारत अभियान के एंबेसडर भी हैं।
वह गाजियाबाद के ही रहने वाले हैं। उनकी कही बात लोगों के दिलों पर असर छोड़ेगी। उसे देखते हुए उन्हें निगम ने साथ जोड़ कर शहर को स्वच्छ बनाने के बारे में सोचा है।