यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Coronavirus Case: 96 फीसद कोरोना मरीजों में मिला खतरनाक डेल्टा वायरस
राजधानी में कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने के बाद से अब तक डेल्टा वायरस का ही संक्रमण अधिक रहा ...और पढ़ें

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राजधानी में कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने के बाद से अब तक डेल्टा वायरस का ही संक्रमण अधिक रहा है। लोकनायक अस्पताल में 77 मरीजों के सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग में 74 सैंपल में डेल्टा वायरस की पुष्टि हुई है। इस लिहाजा से करीब 96 फीसद सैंपल में डेल्टा वायरस पाया गया है। यकृत व पित्त विज्ञान संस्थान (आइएलबीएस) में जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए 1027 सैंपल भेजे गए हैं। जिसमें से 789 सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग में 531 सैंपल की रिपोर्ट में डेल्टा वायरस की पुष्टि हुई है।
इस लिहाज से आइएलबीएस में 67.30 फीसद सैंपल में डेल्टा वायरस पाया गया है। पिछले दिनों दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में यह आंकड़ा प्रस्तुत किया गया था। बताया जा रहा है कि जीनोम सिक्वेंविंग में किसी नए स्ट्रेन की बात सामने नहीं आई है।
दिल्ली में लगातार आठवें दिन कोरोना से एक भी मौत नहीं
वहीं, राजधानी में कोरोना की संक्रमण दर 0.06 फीसद है। लिहाजा, दिल्ली में कोरोना नियंत्रित है और मामलों में बढ़ोतरी नहीं देखी जा रही है। शनिवार को दिल्ली में कोरोना के 37 नए मामले आए और 22 मरीज ठीक हुए। राहत की बात यह है कि लगातार आठवें दिन कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। इस माह अब तक चार मरीजों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में कोरोना के अब तक कुल 14 लाख 39 हजार 825 मामले आ चुके हैं। जिसमें से 14 लाख 14 हजार 385 मरीज ठीक हो चुके हैं। मृतकों की कुल संख्या 25,091 है। मौजूदा समय में 349 सक्रिय मरीज हैं। जिसमें से 184 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। कंटेनमेंट जोन की संख्या 93 से घटकर 88 हो गई हैं।
