Coronavirus LockDown: दिल्ली में 200 कैब तैयार, अन्य बीमारियों के मरीजों को पहुंचाएंगी अस्पताल
Coronavirus LockDown इन कैब से सिर्फ उन्हीं मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में इस्तेमाल किया जाएगा जिनकी हालत गंभीर नहीं होगी।
नई दिल्ली, जागरण स्पेशल। Coronavirus LockDown: लॉकडाउन के बीच अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके मद्देनजर ऐसे मरीजों को कैब से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, कैट्स एंबुलेंस की हेल्पलाइन (102) के माध्यम से ये कैब मरीजों को उपलब्ध कराई जाएंगी। 200 कैब स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराई गई हैं।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उबर कैब कोरोना से जुडे़ प्रबंधन के लिए निशुल्क उपलब्ध कराए हैं। इन कैब का इस्तेमाल अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में किया जाएगा। इन कैब से सिर्फ उन्हीं मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में इस्तेमाल किया जाएगा, जिनकी हालत गंभीर नहीं होगी। कैट्स एंबुलेंस के बेड़े में करीब 200 एंबुलेंस हैं। इनमें काफी संख्या में एंबुलेंस कोरोना के मरीजों की मदद के लिए लगाई गई हैं। ऐसे में कैब की उपलब्धता से मरीजों को सुविधा होगी।