विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Coronavirus: मनोज तिवारी ने लोगों को बांटे मॉस्क, पुलिस ने दिया स्टाफ को Hand sanitizer

By Mangal YadavEdited By:
Published: Tue, 17 Mar 2020 02:46 PM (IST)

Coronavirus दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मंगलवार को कनॉट प्लेस के हनुमान के पास लोगों को मॉस्क प्रदान किया।

Coronavirus: मनोज तिवारी ने लोगों को बांटे मॉस्क, पुलिस ने दिया स्टाफ को Hand sanitizer
Coronavirus: मनोज तिवारी ने लोगों को बांटे मॉस्क, पुलिस ने दिया स्टाफ को Hand sanitizer

नई दिल्ली, जेएनएन/एएनआइ। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए भाजपा ने कनॉट प्लेस में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को मास्क व सैनिटाइजर भी बांटे गए। भाजपा नेताओं ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी। कहा कि सावधानी बरतने से ही इस संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। केंद्र सरकार के प्रयास से दूसरे देशों की तुलना में भारत में यह काफी कम फैला है। हनुमान मंदिर के सामने प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मास्क व सैनिटाइजर वितरित किए।

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए हम सभी को कुछ सावधानियां बरतनी होंगी। हमें बार-बार साबुन पानी से हाथ धोने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने, मास्क पहनकर रहने, हाथ मिलाने या गले मिलने से बचने, भीड़ से दूर रहने की जरूरत है। अगर स्वास्थ्य को लेकर कोई शंका हो तो डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि भाजपा के प्रदेश, जिला व मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार कोरोना वायरस को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। अभियान में प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया, प्रदेश मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा, एससी मोर्चा अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा, कैलाश गुप्ता, डॉ वीरेंद्र रोहिला उपस्थित थे। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी की अगुआई में राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर पर छह पर जागरूकता अभियान चलाया गया। मास्क और सैनिटाइजर भी बांटे गए।

इसके अलावा दिल्ली पुलिस के डीसीपी सेंट्रल ऑफिस में भी स्टाफ और आगंतुकों को मास्क और हैंड सैनिटाइज़र दिए जा रहे हैं। यहां आने वाले लोगों की एहतियात के तौर पर जांच भी की जा रही है।

डीपीसी संजय भाटिया ने कहा कि पुलिस स्टाफ और यहां पर आने वाले सभी लोगों के शरीर का तापमान भी चेक किया जा रहा है। सभी को मॉस्क भी दिए जा रहा हैं। ताकि कोरोना जैसी गंभीर बीमारी से बचा जा सके।

वायरस को लेकर गंभीर नहीं है दिल्ली सरकार: बिधूड़ी

उधर, भाजपा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली सरकार कोरोना वायरस के संक्रमण रोकने को लेकर गंभीर नहीं है। राज्य सरकार के अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी की अगुवाई में भाजपा विधायकों ने एलएनजेपी, जीबी पंत, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और गुरु तेग बहादुर नेत्र चिकित्सालय का दौरा किया और वहां की गई तैयारियों का जायजा लिया।

बिधूड़ी ने कहा कि अस्पताल कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति से निपटने में सक्षम नहीं हैं। अस्पतालों में न आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं और न ही जांच केंद्र। विधायक दिल्ली सरकार की भागीदारी वाले अपोलो अस्पताल भी गए। उन्होंने कहा कि अपोलो अस्पताल प्रबंधन ने कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए की गई तैयारी की जानकारी दी। अस्पताल में पांच आइसोलेशन वार्ड बनाए गए। सरकार का निर्देश मिलते ही जांच केंद्र और लैब भी शुरू हो जाएगा।