कोरोना संक्रमित गर्भवती ने स्मृति ईरानी का किया ट्वीट, अस्पताल में मिला बेड
गर्भवती महिला ने अपने फोन से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को ट्वीट कर अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए गुहार लगाई। मंत्री ने भी देर नहीं की और तुरंत मदद की।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजधानी दिल्ली में कोरोना ने कहर बरपाया हुआ है, अस्पतालों में मरीजों के भर्ती होने को लेकर कितनी मारामारी है यह किसी से छिपा नहीं है। मयूर विहार में रहने वाली एक गर्भवती कोरोना संक्रमित हो गई, खुद के साथ ही अपने होने वाले बच्चे की चिंता सताने लगी। कहते हैं न एक औरत ही दूसरी औरत के दर्द को समझ सकती है।
महिला ने अपने फोन से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को ट्वीट कर अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए गुहार लगाई। मंत्री ने भी देर नहीं की और भाजपा दिल्ली प्रदेश के महामंत्री कुलजीत सिंह चहल को फोन कर एक अस्पताल में महिला के लिए बेड का इंतजाम करने के लिए कहा। चहल बिना समय गंवाए इस काम में जुट गए।
केंद्रीय मंत्री की मदद से अब महिला का इलाज एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है। सिंधु शर्मा मयूर विहार इलाके में रहती हैं, वह नौ महीने की गर्भवती है। कुछ दिनों से उन्हें अपनी तबियत ठीक नहीं लग रही थी, कोरोना का टेस्ट करवाया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
सोमवार सुबह उन्होंने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को टैग करते हुए अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए ट्वीट किया था, कुछ ही देर में केंद्रीय मंत्री ने भाजपा नेता कुलजीत चहल को फोन किया और महिला के लिए बेड का इंतजाम करने के लिए कहा। चहल ने तुरंत महिला के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि वह हर संभव मदद करेंगे, इसके बाद उन्होंने पूर्वी दिल्ली के जिलाधिकारी अरुण कुमार मिश्रा से फोन पर बात की और महिला को अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने भी महिला की स्थिति को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया और एलएनजेपी में बेड का इंतजाम करवाया। इसके बाद चहल ने अस्पताल में भी बात की। दोपहर को महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसकी जानकारी चहल ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर भी दी।