लोकसभा चुनाव से पहले जनता के पास जाएगी कांग्रेस, तैयार हैं सवाल, दिल्ली देेगी जवाब
एक अहम सवाल यह भी रहेगा कि दिल्ली की जनता केजरीवाल सरकार से कितनी संतुष्ट है। फिलहाल कांग्रेस पार्टी ने इस सर्वेक्षण में 1,500 सैंपल लेने का निर्णय किया है।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। लोकसभा चुनाव 2019 के उम्मीदवार घोषित करने से पहले प्रदेश कांग्रेस दिल्लीवासियों के मन की थाह लेगी। एक सर्वे के माध्यम से पार्टी जानने का प्रयास करेगी कि जनता कैसा उम्मीदवार पसंद करती है और चुनावों में किन मुद्दों पर आवाज उठाना चाहती है। इस सर्वे में राफेल सहित कुछ मुद्दों पर जनता की राय भी ली जाएगी।
सर्वे पर काम कर रही है कांग्रेस
लोकसभा चुनाव में अभी करीब छह माह का समय है, लेकिन आम आदमी पार्टी जहां खुलकर तैयारियों में जुट गई है, वहीं कांग्रेस और भाजपा ने रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस जनता के बीच जाकर एक सर्वे करना चाह रही है।
तैयार किए जा रहे हैं सवाल
उम्मीदवारों के चयन में सर्वे के नतीजों को भी तवज्जो दी जाएगी। पार्टी का यह सर्वे इसी सोमवार से शुरू हो सकता है। इसके लिए टीम तैयार कर ली गई है। दिल्ली की 70 में से एक तिहाई यानी 23 विधानसभा चुनकर उनमें से कुछ बूथ चुने जाएंगे और वहां के मतदाताओं से उनकी राय ली जाएगी। इस रायशुमारी के लिए बाकायदा कुछ सवाल भी तैयार किए जा रहे हैं।
जनता केजरीवाल सरकार से कितनी संतुष्ट
एक अहम सवाल इसमें यह भी रहेगा कि दिल्ली की जनता केजरीवाल सरकार से कितनी संतुष्ट है। फिलहाल पार्टी ने इस सर्वेक्षण में 1,500 सैंपल लेने का निर्णय किया है। इनसे मोटे तौर पर एक आकलन सामने आ जाएगा, उसके बाद उसकी तह में जाने का प्रयास किया जाएगा।
दिल्लीवासी 'आप' से खुश नहीं
सूत्र बताते हैं कि इस समय दिल्ली में कांग्रेस जीरो पर है। इसलिए हर कदम सोच समझकर ही रखना होगा। लिहाजा, मुद्दे और भावी उम्मीदवारों के चयन में भी खासी सावधानी बरतनी होगी। पार्टी मानती है कि दिल्लीवासी 'आप' से खुश नहीं हैं, भाजपा को लेकर भी बहुत अच्छी राय नहीं रखते। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को लोग आज भी याद करते हैं। ऐसे में जनता को सुनियोजित तरीके से ही बेहतर विकल्प पेश करना होगा।
राफेल सौदे को बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य मीडिया प्रभारी मेहदी माजिद ने बताया कि भाजपा के खिलाफ पार्टी राफेल सौदे की सच्चाई से हर मतदाता को अवगत कराएगी। इसके लिए राष्ट्रीय से लेकर स्थानीय स्तर तक अभियान चलाया जाएगा।
मददगार साबित होगा सर्वेक्षण
दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने बताया कि पार्टी का यह आंतरिक सर्वेक्षण लोकसभा चुनावों के मद्देनजर खासा मददगार साबित होगा। इससे पार्टी को अपनी कमजोरियां और खूबियां दोनों का पता चलेगा। साथ ही समय रहते उन्हें दुरुस्त करने एवं उसी के अनुरूप अपनी चुनावी रणनीति बनाने का भी अवसर मिलेगा।