Weather Update: बर्फीली हवाओं से फिर कांपी दिल्ली, ठंड ने तोड़ा 8 वर्षों का रिकॉर्ड
सर्दी की वापसी का अालम यह है कि बर्फीली हवाओं से दिल्लीवासी रात ही नहीं, बल्कि दिन में भी कांप रहे हैं। आलम यह है कि रविवार को दिल्ली में ठंड ने आठ वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी जाते-जाते लोगों को परेशान कर रही है। हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर भारत के ज्यादार राज्यों में मौसम ने पलटी खाई है और ठंड बढ़ गई है।
दिल्ली में ठंड बढ़ी, चल रही बर्फीली हवा
सर्दी की वापसी का अालम यह है कि बर्फीली हवाओं से दिल्लीवासी रात ही नहीं, बल्कि दिन में भी कांप रहे हैं। आलम यह है कि रविवार को दिल्ली में ठंड ने आठ वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इतना ही नहीं, अभी अगले तीन दिनों तक राहत के कोई आसार भी नहीं हैं।
पूरे दिन चली बर्फीली हवाओं ने रविवार को ठिठुरन का अहसास कराया। लोग अपने घरों व ऑफिसों में दुबके नजर आए। मौसम में अचानक हुआ यह फेरबदल जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी के चलते हुआ। इससे मैदानी इलाकों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।
रेन बसेरों में बढ़ी लोगों की संख्या
बढ़ती ठंड के चलते बेघर लोगों ने रैन बसेरों का रुख करना शुरू कर दिया है। दिल्ली बने रैन बसेरों में शनिवार रात से लोगों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। एनसीआर में जगह-जगह लोग अलाव जलाते नजर आए।
चार डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है न्यूनमान
बर्फीली हवा यूं ही दिल्ली को ठिठुराती रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रह सकता है।मौसम विभाग ने भी शीतलहर का अलर्ट जारी कर दिया है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान महज 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से भी चार कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से तीन डिग्री कम है। पिछले आठ वर्षों के दौरान 27 जनवरी को इतना कम तापमान रिकॉर्ड नहीं दर्ज किया गया। सोमवार को तापमान 19 और चार डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 जनवरी को बारिश के बाद ही सर्दी से राहत मिलने की संभावना है। 30 जनवरी की शाम से हल्की बूंदाबादी के आसार हैं, जो एक फरवरी तक जारी रहेगी।
वहीं, कोहरे और सर्दी के चलते ट्रेनों का देरी से चलना जारी है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, कोहरे के चलते दिल्ली आने-जाने वाली 16 ट्रेनें देरी से चल रही है। वहीं, कुछ ट्रेनें के समय में बदलाव किया गया है, तो कुछ को रद ही कर दिया गया है।
दिल्ली में चलती रहेगी सर्द हवा
स्काईमेट वेदर के अनुसार, मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ से बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब जम्मू-कश्मीर के उत्तरी हिस्से में चला गया है। इससे बादलों की चादर एनसीआर में हल्की हो रही है। मंगलवार तक आसमान साफ रहेगा और बर्फीली हवा दिल्ली में चलती रहेगी। न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। दिन का तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर आएगा, जिससे हवा की दिशा बदलेगी और तापमान में वृद्धि होगी। यह स्थिति 30 जनवरी से बनेगी। इसी के प्रभाव से 30 और 31 जनवरी को दिल्ली में बारिश भी होगी।
गेहूं की फसल के लिए लाभदायक है मौसम
महेश पलावत ने बढ़ी हुई ठंड को गेहूं की फसल के लिए अच्छा बताया है। हल्की बारिश और कड़ाके की ठंड गेहूं की फसल के लिए काफी लाभदायक होती है। खेतीबाड़ी करने वाले राम कुमार ने बताया हल्की बारिश से गेहूं की फसल का झाड़ बढ़ेगा। जिससे फसल अच्छी होगी।
डॉ. रितु गुप्ता (बाल रोग विशेषज्ञ) के मुताबिक, ऐसी सर्दी में छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। बच्चों को सीधी हवा से बचाने के लिए उनके सिर पैरों को ढककर रखें। उन्हें सर्दी के संपर्क में आने से बचाएं। बुखार होने पर डॉक्टर से सलाह लें।
डॉ. मोहना चौहान (त्वचा रोग विशेषज्ञ) का कहना है कि सर्दी के मौसम में लोग नहाने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन यह पानी भी अधिक गर्म नहीं होना चाहिए। नहाने के लिए गुनगुने पानी का ही इस्तेमाल करना चाहिए। अधिक गर्म पानी से नहाने से त्वचा खराब हो सकती है।