Republic Day Parade: दिल्ली में ठंड संग धूप भी खिली, परेड में खलल नहीं डाल पाया कोहरा
दिल्ली में उत्तर दिशा से चल रही हवा ने ठंड तो बढ़ाया है, लेकिन धूप खिलने से कोहरे का खतरा नहीं है। झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनने को तैयार हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में शनिवार को 70वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के राजपथ पर आयोजित हो रहा है। दिल्ली में उत्तर दिशा से चल रही हवा ने ठंड तो बढ़ाया है, लेकिन धूप खिलने से कोहरे का खतरा नहीं है। हर बार की तरह इस बार भी परेड का मुख्य हिस्सा बनी झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हैं। इस बार गणतंत्र दिवस परेड के लिए कुल 22 झाकिंयों का चयन किया गया है। खास बात ये है कि इस बार परेड में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की झांकी को 11 साल बाद शामिल किया गया है।
पहले कहा जा रहा था कि अभी तक भले दिल्लीवासियों को कोहरे ने ज्यादा परेशान न किया हो, लेकिन शनिवार को गणतंत्र दिवस की सुबह घने कोहरे की प्रबल संभावना है, लेकिन ऐसा लग नहीं रहा है। दरअसल, बारिश थमने के बाद उत्तर दिशा से चल रही हवा कोहरा बढ़ा देने वाली है। ऐसे में कोहरे की वजह से राजपथ पर परेड का मजा लेने के लिए पहुंचने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान में अब गिरावट होगी। इसके साथ ही 31 जनवरी को बारिश की संभावना भी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अच्छी बारिश हुई है। रात के समय 5.6 एमएम बारिश हुई। हालांकि, शनिवार को बारिश की संभावना काफी कम है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
बारिश और तेज हवा से फिर धुला प्रदूषण
बृहस्पतिवार रात हुई बारिश और शुक्रवार को चली तेज हवा ने दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण का दाग भी एक बार फिर धो डाला। इस साल दूसरी बार एयर इंडेक्स सामान्य स्थिति में पहुंचा है। सीपीसीबी के एयर बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 151 रहा।