Weather Update: दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी में इजाफा, अभी से धीमी हुई ट्रेनों की रफ्तार
Weather Update शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के नतीजतन हवा की गति तेज रहेगी। इस दौरान हवा 15 से 20 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी। बादल भी छाए रहेंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। मौसमी उतार चढ़ाव के बीच दिल्ली की सर्दी धीरे धीरे रंगत में आने लगी है। बृहस्पतिवार सुबह भी लोगों ने सर्दी महसूस की, कुछ लोग हाफ स्वैटर छोड़ फुल स्वैटर और जैकेट तक में नजर आए। वहीं, कोहरा पड़ने से पहले ही दिल्ली से जाने और दिल्ली आने वाली ट्रेनें देरी से चलने लगी हैं।
बुधवार को रही इस मौसम की सबसे सर्द सुबह
इससे पहले बुधवार को इस मौसम की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान महज 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोदी रोड पर 10.6 डिग्री और पूसा में 11 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कोहरा रहेगा, जबकि अगले मंगलवार को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना भी बताई जा रही है।
बुधवार को न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 39 से 93 फीसद रहा। सुबह के समय बादल भी देखने को मिले।
गौरतलब है कि 12 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। लेकिन इसके बाद से न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस रहा। अब न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि अगले दो दिन हवा की गति कम रहेगी। इस सप्ताह न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा। अधिकतम तापमान 26 डिग्री पर पहुंच सकता है। शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के नतीजतन हवा की गति तेज रहेगी। इस दौरान हवा 15 से 20 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी। बादल भी छाए रहेंगे।
दिसंबर से फरवरी तक 46 ट्रेनें निरस्त, 40 के फेरे में कमी करने का फैसला किया
पूर्व दिशा से आने वाली कई ट्रेनें दो से आठ घंटे की देरी से दिल्ली पहुंच रही हैं। कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव करना पड़ रहा है। हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस बुधवार को करीब आठ घंटे की देरी से आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पहुंची और देर से ही रवाना किया गया।
हर वर्ष सर्दियों कोहरे की वजह से ट्रेनें देर से चलती हैं जिससे यात्रियों को भारी परेशानी होती है। इस बार भी दिसंबर से फरवरी तक 46 ट्रेनों को निरस्त करने व 40 के फेरे में कमी करने का फैसला किया है। बुधवार को आनंद विहार से हटिया जाने वाली ट्रेन लगभग साढ़े तीन घंटे की देरी से रवाना हुई। दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे की देरी से पहुंची थी जिस वजह से यह सवा तीन घंटे की देरी से रवाना हुई। सरबत दा खालसा भी साढ़े तीन घंटे देरी से रवाना हुई। निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस भी एक घंटे की देरी से चलाई गई।